संसद चलो अभियान में चित्तौड़गढ़ महिला कांग्रेस की दमदार भागीदारी, महिलाओं की राजनीतिक हिस्सेदारी को लेकर बुलंद हुई आवाज
नई दिल्ली/चित्तौड़गढ़ 21जुलाई,(ज़ाकिर हुसैन)
स्मार्ट हलचल|महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में समान एवं प्रभावी राजनीतिक भागीदारी दिलाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय महिला कांग्रेस द्वारा आयोजित “संसद चलो” अभियान में चित्तौड़गढ़ महिला कांग्रेस ने भी जोरदार उपस्थिति दर्ज कराई। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा, राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सारिका सिंह एवं प्रदेश प्रभारी दीप्ति सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में चित्तौड़गढ़ जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती यशोदा नरेंद्र पुरोहित अपनी टीम के साथ दिल्ली पहुंचीं और महिला अधिकारों की इस निर्णायक लड़ाई में सक्रिय सहभागिता निभाई।
दिल्ली की सड़कों पर हजारों महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर महिला आरक्षण कानून को शीघ्र लागू करने की मांग को लेकर पैदल मार्च निकाला। हाथों में तख्तियां और दिलों में महिलाओं के सम्मान, अधिकार एवं समान अवसरों का संकल्प लिए महिला कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से महिला आरक्षण कानून को बिना किसी विलंब के लागू करने की जोरदार मांग की।
महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने मार्च के दौरान महिला सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय, समान अधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों के समर्थन में जोरदार नारे लगाए। पूरे कार्यक्रम में महिलाओं का उत्साह, अनुशासन और संघर्षशील भावना देखने योग्य रही। चित्तौड़गढ़ जिले से पहुंची महिला कांग्रेस की टीम ने भी पूरे जोश और ऊर्जा के साथ अपनी भागीदारी निभाते हुए जिले की संगठनात्मक मजबूती का परिचय दिया।
जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती यशोदा नरेंद्र पुरोहित ने कहा कि देश की आधी आबादी को निर्णय प्रक्रिया में उचित प्रतिनिधित्व मिलना लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण केवल महिलाओं का अधिकार ही नहीं, बल्कि देश में सामाजिक और राजनीतिक समानता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। महिला कांग्रेस महिलाओं की आवाज को संसद और विधानसभाओं तक पहुंचाने के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दिया है, ऐसे में राजनीति में भी उन्हें समान अवसर और सम्मानजनक भागीदारी मिलनी चाहिए। महिला आरक्षण कानून का शीघ्र क्रियान्वयन देश की करोड़ों महिलाओं की लंबे समय से चली आ रही मांग है।
कार्यक्रम में देशभर से हजारों महिला कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। इस अवसर पर चित्तौड़गढ़ महिला कांग्रेस की ओर से जिला महासचिव ममता शर्मा, मधु गोस्वामी, नानी बाई रेगर, आशा, बृजेश, कमला यादव, सुशीला रेगर सहित अनेक महिला कार्यकर्ताओं ने सहभागिता निभाई और महिला अधिकारों के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की।
महिला कांग्रेस के इस शक्ति प्रदर्शन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि देश की महिलाएं अब अपने अधिकारों, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी के लिए पूरी मजबूती के साथ संगठित हैं तथा महिला आरक्षण कानून को लागू करवाने की लड़ाई को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पित हैं।
