(पंकज पोरवाल)
महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण की पक्षधर रही है कांग्रेस: प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह
शहर जिलाध्यक्ष रेखा हिरण के नेतृत्व में महिला आरक्षण व ओबीसी महिलाओं को आरक्षण में शामिल करने के समर्थन में चलाया हस्ताक्षर अभियान
भीलवाड़ा । स्मार्ट हलचल|शहर के गजाधर मानसिंहका धर्मशाला में मंगलवार को महिला कांग्रेस भीलवाड़ा शहर की संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सारिका सिंह मुख्य अतिथि के रूप में जयपुर से पहुंचीं। उनके साथ शहर प्रभारी प्रियंका चौधरी, सह प्रभारी आशा जैन तथा जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के अध्यक्ष शिवराम जी.पी. खटीक भी मौजूद रहे। महिला कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष रेखा हिरण के नेतृत्व में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। हिरण ने कहा कि महिला कांग्रेस का उद्देश्य संगठन को बूथ, वार्ड और बस्ती स्तर तक मजबूत बनाना है। उन्होंने अधिक से अधिक महिलाओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ते हुए उनकी आवाज को सशक्त बनाने का आह्वान किया। प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस हमेशा महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण की पक्षधर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जनसंपर्क कर महिलाओं को संगठन से जोड़ने, उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा आगामी संसद चलो कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवराम जी.पी. खटीक ने कहा कि महिला संगठन कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि रेखा हिरण के नेतृत्व में महिला कांग्रेस लगातार सक्रिय होकर संगठन को नई ऊर्जा दे रही है और आने वाले राजनीतिक एवं जन आंदोलनों में महिलाओं की भूमिका निर्णायक रहेगी। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन विस्तार, वार्ड एवं बस्ती स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाने, स्थानीय जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने तथा दिल्ली में प्रस्तावित संसद चलो कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान सभी अतिथियों का राजस्थानी परंपरा के अनुसार पगड़ी एवं फूलमालाओं से स्वागत किया गया। बैठक के बाद महिला कांग्रेस की ओर से महिला आरक्षण लागू करो, आज करो-अभी करो तथा ओबीसी महिलाओं को भी आरक्षण में शामिल करो की मांग को लेकर व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व रेखा हिरण ने किया। उपस्थित महिला कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में हस्ताक्षर कर महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों के समर्थन में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई को पूरी मजबूती के साथ जारी रखने का संकल्प लिया। बैठक में प्रमुख रूप से महिला उपाध्यक्ष रेखा भट्ट, मोनिका क्रिश्चियन, अनीता पारीक, महासचिव समीम बानो, शम्मा नयाघर, रुक्मणी धोबी, लीला देवड़ा, अनीता परिहार, मंजू माहेश्वरी, वंदना कंवर, संगीता शर्मा, जमीला बानो, फरीदा बानो, अनुराधा झा, शिल्पी सिंह, लीना शर्मा, सलमा बानो सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रही।
