बिजयनगर के निजी स्कूल में मधुमक्खियों का हमला, 30-31 बच्चे घायल

अनिल जांगिड़

स्मार्ट हलचल|केकड़ी रोड स्थित एक निजी विद्यालय में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने स्कूली बच्चों पर हमला कर दिया। इस घटना में कक्षा 5 एवं 7 के करीब 30-31 बच्चे मधुमक्खियों के डंक से घायल हो गए।घटना के बाद विद्यालय प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायल विद्यार्थियों को तत्काल वाहनों के माध्यम से राजकीय चिकित्सालय, बिजयनगर पहुंचाया। सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे। वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित मोदी भी बच्चों का हालचाल जानने चिकित्सालय पहुंचे।
राजकीय चिकित्सालय में देखते ही देखते परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। डॉ. संदीप एवं चिकित्साकर्मियों की टीम ने सभी बच्चों का तुरंत उपचार शुरू किया। चिकित्सकों ने बताया कि सभी बच्चों को प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक दवाइयां दी गई हैं और सभी की स्थिति फिलहाल सामान्य एवं नियंत्रण में है।
घटना के बाद विद्यालय परिसर में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा। समय रहते बच्चों को अस्पताल पहुंचाने से बड़ा हादसा टल गया।