राधिका शर्मा व जानवी भारवानी ने संभाली जिम्मेदारी, विधानसभा चुनाव 2028 में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी पर दिया जोर
अनिल कुमार खींची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।ब्यावर में कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस सेवादल महिला विंग की बैठक पूर्व जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष राधिका शर्मा के निवास पर आयोजित हुई। विधानसभा प्रत्याशी पारसमल जैन पंच के मुख्य आतिथ्य में हुई बैठक में जिलेभर में महिलाओं को कांग्रेस से जोड़ने और संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने की रणनीति तैयार की गई।बैठक में कांग्रेस नेत्री राधिका शर्मा एवं पूर्व प्रदेश सचिव जानवी भारवानी ने महिला कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की जिम्मेदारी लेते हुए सहयोग मिलने पर 100 नई महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य रखा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से पार्टी को मजबूती मिलेगी और आगामी विधानसभा चुनाव 2028 में महिला कार्यकर्ता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
बैठक में गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचकर कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों का प्रचार-प्रसार करने तथा भाजपा की नीतियों के खिलाफ पार्टी का पक्ष जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने संगठन विस्तार के लिए एकजुट होकर कार्य करने और महिलाओं को पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
इस दौरान प्रदेश सेवादल सचिव सोहन मेवाड़ा, ब्यावर जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष एडवोकेट विक्रम सोनी, महिला विंग की उर्मिला सोलंकी, अंतिमा ओझा, भारती शर्मा, रिहाना बानो, मोनिका राजावत, रीना, माला कांजानी, जीनत बानो एवं मीनाक्षी गर्ग मौजूद रहीं। सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. अरविंद माथुर, श्यामसुंदर शर्मा, कमलेश बोहरा, सोनू चौहान, तुषार महर्षि, जिला प्रवक्ता ऋषि लांबा एवं एडवोकेट आशीष शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने बैठक में भाग लिया।