महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत महिला पुलिस कार्मिकों से संवाद एवं शहर में निकाला जागरूकता पैदल मार्च

महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एवं महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति सुरक्षित,

बूंदी- स्मार्ट हलचल|सम्मानजनक एवं भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित “महिला सुरक्षा संकल्प अभियान” के अंतर्गत जिला पुलिस अधीक्षक बून्दी अवनीश कुमार शर्मा (IPS) के निर्देशन में तथा जसवीर मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, महिला अपराध अनुसंधान सेल, बून्दी एवं अदिति चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, त्वरित अनुसंधान सेल, बून्दी के पर्यवेक्षण में जिला बून्दी में महिला पुलिस कार्मिकों के साथ संवाद कार्यक्रम एवं जागरूकता पैदल मार्च का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिस अधिकारियों एवं कार्मिकों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें महिला सुरक्षा एवं महिला सशक्तिकरण से संबंधित अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने, पीड़ित महिलाओं के प्रति संवेदनशील एवं सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार अपनाने तथा प्रत्येक शिकायत का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े कानूनों, पुलिस की जिम्मेदारियों तथा जनसहभागिता के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

संवाद कार्यक्रम में महिला पुलिस कार्मिकों को निर्देशित किया गया कि वे आमजन, विशेषकर महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ नियमित संवाद स्थापित करें, उन्हें महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न कानूनों, हेल्पलाइन सेवाओं एवं पुलिस द्वारा संचालित सुरक्षा उपायों की जानकारी दें तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, मानव तस्करी अथवा महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अन्य अपराधों की सूचना मिलने पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इसके उपरांत महिला पुलिस कार्मिकों द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता पैदल मार्च निकाला गया। मार्च के दौरान आमजन को महिला सुरक्षा, महिला सम्मान एवं लैंगिक समानता का संदेश दिया गया तथा महिलाओं के विरुद्ध अपराधों के प्रति जागरूक एवं सजग रहने की अपील की गई। साथ ही लोगों से आग्रह किया गया कि किसी भी प्रकार की आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

बून्दी पुलिस द्वारा संचालित इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान, सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण सुदृढ़ करना तथा महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित एवं निर्भय माहौल उपलब्ध कराना है। जिला पुलिस भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन कर आमजन को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करती रहेगी।

बून्दी पुलिस की अपील

महिलाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार के अपराध, उत्पीड़न अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस अथवा जिला पुलिस के हेल्पलाइन नं. 8764862310 पर सूचना दें। आपकी सतर्कता और सहयोग ही सुरक्षित समाज की सबसे बड़ी ताकत है।