विश्व रक्तदाता दिवस पर गोपाल विजयवर्गीय सम्मानित

हर पंचायत, रक्त पंचायत अभियान के लिए मिला सम्मान, रक्तदान बढ़ाने का किया आह्वान

मूलचन्द पेसवानी
भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल।विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 15 जून को गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, उदयपुर में आयोजित विशेष समारोह में रक्तदान जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का विषय मानवता की एक बूंद – रक्तदान करें, जीवन बचाएं रखा गया।
मेडिकल कॉलेज के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित समारोह में सहयोग सेवार्थ फाउंडेशन, भीलवाड़ा के सचिव गोपाल विजयवर्गीय को रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। विजयवर्गीय को ग्रामीण क्षेत्रों में हर पंचायत, रक्त पंचायत अभियान के माध्यम से रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने, नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. संगीता गुप्ता, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हरप्रीत सिंह, सीईओ ऋषि कपूर तथा पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. गीता मुखिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने गोपाल विजयवर्गीय को मोमेंटो, प्रशस्ति-पत्र एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद अपने संबोधन में गोपाल विजयवर्गीय ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक सेवा नहीं बल्कि मानव जीवन बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवी संगठनों और युवाओं से अधिक से अधिक स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि समाज संगठित होकर इस दिशा में कार्य करे तो ष्रक्त करे रोगी का इंतजारष् का संकल्प साकार हो सकता है और किसी भी जरूरतमंद मरीज को रक्त के अभाव में परेशान नहीं होना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि सहयोग सेवार्थ फाउंडेशन लगातार ग्रामीण अंचलों में रक्तदान जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को प्रेरित कर रहा है। संस्था का उद्देश्य प्रत्येक पंचायत को रक्तदान के प्रति जागरूक बनाना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंदों को शीघ्र रक्त उपलब्ध कराना है। समारोह के अंत में फाउंडेशन की ओर से गीतांजलि मेडिकल कॉलेज प्रशासन एवं ब्लड सेंटर की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही रक्तदान को जनआंदोलन बनाने और अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़ने का संकल्प दोहराया गया।