होटल के कमरे में मिला युवक का शव: 24 घंटे बाद भी पोस्टमार्टम अटका, आर्थिक सहायता की मांग पर अड़े परिजन

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।उदयपुर रोड स्थित केसरपुरा पुलिया के पास रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब होटल पीपीएस (PPS) के एक कमरे में एक युवक का शव मिला। सूचना मिलते ही साकेत नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने मृतक की पहचान सांगरवास (जवाजा) निवासी पूरन सिंह के रूप में की है। शव को फिलहाल अमृतकौर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

मोर्चरी के बाहर ग्रामीणों का प्रदर्शन, वार्ता बेनतीजा
घटना के अगले दिन सोमवार को मोर्चरी के बाहर माहौल गरमा गया। सैकड़ों की संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल परिसर में जमा हो गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना को 24 घंटे से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी युवक का पोस्टमार्टम नहीं हो सका है।

परिजनों का आरोप है कि प्रशासन इस मामले में ढिलाई बरत रहा है, जबकि वे होटल मालिक से उचित आर्थिक सहायता की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया:

“मृतक पूरन सिंह के तीन छोटे बच्चे हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है और वही घर में कमाने वाला मुख्य सदस्य था। बच्चों के पालन-पोषण और भविष्य के लिए परिवार को आर्थिक मदद मिलना बेहद जरूरी है।”

प्रशासन की समझाइश नाकाम, पुलिस मुस्तैद
मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार हनुत सिंह भी मोर्चरी पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। प्रशासन और परिजनों के बीच लंबे समय तक समझाइश का दौर चला, लेकिन वार्ता किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी। परिजन अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं।
पुलिस का बयान:

साकेत नगर थाना पुलिस के अनुसार, वे मामले की हर पहलू से जांच कर रहे हैं। युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासायू मेडिकल बोर्ड की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस लगातार परिजनों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए समझाने का प्रयास कर रही है।