(शताब्दी वर्ष पर युवा आधारित कार्यक्रम)
गंगापुर
(दिनेश लक्षकार)
स्मार्ट हलचल|स्वयंसेवक संघ गंगापुर खंड के कोशीथल में रविवार को शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में युवा केंद्रित खेल कार्यक्रम ‘सिंह गर्जना’ आयोजित किया गया। प्राथमिक स्कूल परिसर में हुए इस कार्यक्रम में युवाओं के अदम्य साहस, शारीरिक क्षमता और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरूआत संघ स्थान पर स्वयंसेवकों के एकत्रीकरण से हुई। जिसमें विभाग सह कार्यवाह श्रवण लाल और विभाग महाविद्यालय विद्यार्थी कार्य प्रमुख मनीष जैन ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के विषय में बताते हुए कहा कि युवाओं की राष्ट्र निर्माण में महती भूमिका रहती हैं। ‘सिंह गर्जना’ के विशाल खेल में 225 स्वयंसेवको ने भाग लिया जिसमें युवाओं के लिए चुनौतीपूर्ण बाधा मार्ग तैयार किए गए थे। युवा आधारित कार्यक्रम खंड संयोजक राहुल शर्मा व भगवान सिंह और खण्ड कार्यवाह मुकेश सालवी ने बताया की प्रतिभागियों ने दलदल मार्ग, बारूद मार्ग, चम्बल का बीहड़, हल्दीघाटी मार्ग, सियाचिन घाटी, गरुड़ मार्ग, आग का दरिया और चक्र बाधा सहित सभी दुर्गम बाधाओं को पार किया। इसके बाद 2 मंडलों के बीच शारीरिक युद्ध स्पर्धाएँ हुई, जहाँ युवाओं ने टैंक युद्ध, चरण स्पर्श, ग्रीवा युद्ध और धरती पुत्र मटकी फोड़ कार्यक्रम में दमखम दिखाया। संघ के शताब्दी वर्ष के संदर्भ में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र सेवा, अनुशासन, शारीरिक दक्षता और टीम भावना का संचार करना रहा। सुरक्षा के लिए दमकल वाहन व एंबुलेंस भी मौजूद रही। बड़े खेल में संघ के ग्रामीण जिला कार्यवाह जिला टोली व खण्ड, उपखंड के कार्यकर्ता व समाज के प्रबुद्ध जन उपस्थित रहें हैं।
