मकानों के ऊपर से गुजर रही 11 KV विद्युत लाइन, डर के साये में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के निवासी

बरसात में छतों पर फैलता है करंट, तेज आंधी से पहले भी टूट चुके हैं बिजली के पोल; विद्युत विभाग को शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई

सुनेल

धनराज भंडारी
स्मार्ट हलचल|कस्बे की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में मकानों के बेहद नजदीक से गुजर रही 11 KV विद्युत लाइन स्थानीय निवासियों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। घरों के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के कारण कॉलोनी के लोग हमेशा अनहोनी की आशंका में रहते हैं। विशेष रूप से बारिश के मौसम में स्थिति और भी चिंताजनक हो जाती है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बरसात के दौरान मकानों की छतों पर करंट महसूस होता है, जिसके चलते लोग छतों पर जाने से भी डरते हैं।

कॉलोनीवासियों के अनुसार इस समस्या को लेकर कई बार विद्युत विभाग को अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अब तक विद्युत लाइन को हटाने या सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

पहले भी टल चुका है बड़ा हादसा

स्थानीय लोगों ने बताया कि तेज आंधी और बारिश के दौरान पहले भी विद्युत पोल टूटकर गिर चुके हैं। गनीमत रही कि उस समय तेज बारिश के कारण बिजली आपूर्ति बंद थी, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। यदि उस समय विद्युत लाइन में करंट प्रवाहित हो रहा होता तो जान-माल का नुकसान हो सकता था। इस घटना के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में चिंता बनी हुई है।

छतों पर जाने से भी डरते हैं लोग

हाउसिंग बोर्ड निवासी कमल जयपुरी ने बताया कि बरसात के मौसम में हम लोग अपने घरों की छतों पर भी नहीं जाते हैं, क्योंकि वहां करंट आने का डर बना रहता है। तेज आंधी के दौरान पहले भी विद्युत पोल टूट चुके हैं। उस समय बिजली बंद होने से हादसा टल गया, लेकिन हर बार किस्मत का सहारा नहीं लिया जा सकता।

निवासियों की मांग—11 KV लाइन को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए

कॉलोनीवासियों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके का निरीक्षण करवाया जाए तथा मकानों के नजदीक से गुजर रही 11 KV विद्युत लाइन को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए। साथ ही बरसात के दौरान करंट फैलने की आशंका और जर्जर विद्युत पोलों की जांच करवाकर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का समाधान हो सके।