पूर्व चेयरमैनों का सम्मान कर लिया भविष्य को संवारने का संकल्प, सीआईआरसी पदाधिकारियों ने दिया मार्गदर्शन
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल।किसी भी संस्थान की मजबूती उसकी गौरवशाली विरासत और दूरदर्शी नेतृत्व पर निर्भर करती है। इसी सोच के साथ दी इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की ब्यावर शाखा की ओर से सोमवार को स्थानीय आईसीएआई भवन में चेयरमैन मीट एवं पूर्व चेयरमैन सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शाखा के अब तक के सफर को याद करने के साथ भविष्य की विकास योजनाओं पर गंभीर मंथन हुआ।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीआईआरसी चेयरमैन सीए अंकुर गोयल तथा विशिष्ट अतिथि सीआईआरसी सचिव सीए निर्भीक गांधी रहे। शाखा चेयरमैन सीए प्रितेश बडोला ने अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि पूर्व पदाधिकारियों के अनुभव किसी भी संगठन की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं। उनके मार्गदर्शन और वर्तमान नेतृत्व के सामूहिक प्रयासों से शाखा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
सीए निर्भीक गांधी ने आईसीएआई की ओर से चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के व्यावसायिक एवं कौशल विकास के लिए संचालित गतिविधियों की जानकारी देते हुए ज्ञानवर्धन और सतत व्यावसायिक विकास पर जोर दिया। वहीं सीए अंकुर गोयल ने व्यावसायिक जिम्मेदारियों के साथ पारिवारिक एवं व्यक्तिगत जीवन में संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता बताई। उन्होंने ब्यावर शाखा के विकास और सुदृढ़ीकरण के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
समारोह में ब्यावर शाखा की स्थापना से लेकर वर्ष 2025-26 तक विभिन्न कार्यकालों में नेतृत्व करने वाले पूर्व चेयरमैनों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में सीए आर.के. ओस्तवाल, सीए अखिलेश मूंदड़ा, सीए मनीष कुमार मेहता, सीए संजय अग्रवाल, सीए नवरतन ओस्तवाल, सीए मुकेश अग्रवाल, सीए हीरेन भंडारी एवं सीए अंकुर गोयल शामिल रहे।
पूर्व चेयरमैनों ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए शाखा की उपलब्धियों और विकास यात्रा को याद किया। साथ ही सदस्यों के हितों के संरक्षण, व्यावसायिक ज्ञान बढ़ाने और संगठनात्मक गतिविधियों को विस्तार देने के लिए सुझाव प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर शाखा उपाध्यक्ष सीए आभास हालाखंडी, कोषाध्यक्ष सीए आशय छल्लाणी, सिकासा चेयरमैन सीए अमित सुराणा, सीए केएल शर्मा, सीए अजय शर्मा, सीए सुधांशु शर्मा, सीए अर्पित कावड़िया एवं सीए हितार्थ सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। अंत में सचिव सीए अंकुर गोयल ने आभार जताया। समारोह पूर्व नेतृत्व के सम्मान और भविष्य की नई विकास योजनाओं के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।