1 करोड़ की चोरी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता, दो शातिर बदमाश डिटेन,थाना प्रभारी सुनील बेड़ा की टीम की हर ओर सराहना
मंगरोप@मुकेश खटीक।भीलवाड़ा जिले के हमीरगढ़ कस्बे की पहाड़ी पर स्थित प्रसिद्ध चामुंडा माता मंदिर में करीब 15 महीने पहले हुई बहुचर्चित एक करोड़ रुपए से अधिक की चोरी की वारदात में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।लंबे समय से ब्लाइंड केस बनी इस सनसनीखेज चोरी की फाइल को दोबारा खोलते हुए हमीरगढ़ थाना प्रभारी सुनील कुमार बेड़ा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने दो शातिर बदमाशों को डिटेन किया है।दोनों संदिग्धों से गहन पूछताछ जारी है और पुलिस को मामले में महत्वपूर्ण खुलासे होने की उम्मीद है।
थाना प्रभारी सुनील कुमार बेड़ा ने बताया कि मंदिर चोरी की यह वारदात क्षेत्र की सबसे चर्चित घटनाओं में शामिल रही थी।घटना के बाद शुरुआती जांच में ठोस सुराग नहीं मिलने से मामला लगभग ब्लाइंड केस बन गया था,लेकिन जिला पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में पुराने रिकॉर्ड,संदिग्ध गतिविधियों और तकनीकी साक्ष्यों का दोबारा अध्ययन किया गया।इसके बाद स्थानीय स्तर पर विशेष टीम गठित कर लगातार निगरानी और गुप्त सूचना तंत्र को सक्रिय किया गया।अथक प्रयासों के बाद पुलिस ने दो संदिग्ध बदमाशों को हिरासत में लिया है।
10 फरवरी 2025 की रात हुई थी सनसनीखेज वारदात
जानकारी के अनुसार हमीरगढ़ की पहाड़ियों पर आस्था के प्रमुख केंद्र माने जाने वाले चामुंडा माता मंदिर में 10 फरवरी 2025 की रात चोरों ने धावा बोला था।बदमाश देर रात महिलाओं के वेश में आए और मंदिर के ताले तोड़कर अंदर घुसे और मंदिर परिसर में रखी अलमारी से चाबियां निकालकर वारदात को अंजाम दिया था।घटना का खुलासा अगले दिन 11 फरवरी की सुबह उस समय हुआ जब पुजारी मंदिर पहुंचे और मंदिर के ताले टूटे मिले।
चोर मंदिर से माता जी का चांदी का छत्र,मुकुट,सोने-चांदी के कीमती आभूषण,श्रृंगार सामग्री और दानपात्र में रखी नकदी चोरी कर ले गए थे।रिपोर्ट के अनुसार करीब एक किलो से अधिक सोने के आभूषण,60 लाख रुपए से अधिक मूल्य का चांदी का सामान तथा दानपात्र से लगभग 4 लाख रुपए की नकदी चोरी हुई थी।चोरी के बाद मंदिर का टूटा हुआ दानपात्र करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में मिला था।
क्षेत्र में फैला था भारी आक्रोश
धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र में हुई इस बड़ी चोरी की घटना से हमीरगढ़ सहित पूरे क्षेत्र में भारी रोष फैल गया था।ग्रामीणों,व्यापार मंडल और सर्व हिंदू समाज ने घटना को केवल चोरी नहीं बल्कि जनभावनाओं पर चोट बताया था।पुलिस कार्रवाई से नाराज लोगों ने 15 फरवरी 2025 को हमीरगढ़ बाजार बंद रखकर विरोध प्रदर्शन भी किया था तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी।घटना के बाद पुलिस ने एफएसएल टीम,डॉग स्क्वायड और सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच शुरू की थी।कई संदिग्धों से पूछताछ भी की गई,लेकिन लंबे समय तक पुलिस को सफलता नहीं मिल पाई थी।
अब खुलासे से चर्चाओं में हमीरगढ़ पुलिस
करीब 15 महीने बाद मामले में हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद हमीरगढ़ क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।लोग थाना प्रभारी सुनील कुमार बेड़ा और वर्तमान पुलिस स्टाफ की सक्रियता की सराहना कर रहे हैं।क्षेत्रवासियों का कहना है कि जिस मामले को लगभग ठंडे बस्ते में माना जा रहा था,उसमें दोबारा गंभीरता से जांच कर आरोपियों तक पहुंचना पुलिस की बड़ी उपलब्धि है।फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों बदमाशों से पूछताछ कर रही है और संभावना जताई जा रही है कि चोरी में शामिल अन्य आरोपियों तथा चोरी गए सामान को लेकर भी जल्द बड़ा खुलासा हो सकता है।
