23वें जाट सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित-समिति सदस्यों को सौंपी जिम्मेदारियां

शिवराज बारवाल मीना
टोंक/डिग्गी। स्मार्ट हलचल।जाट समाज के 23वें सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए रविवार को डिग्गी जाट समाज धर्मशाला में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष राजेश चौधरी ने की, जबकि सम्मेलन समिति के संयोजक रामलाल बगड़िया और प्रवक्ता रामधन जावल्या पीपलू ने उपस्थित सदस्यों को आयोजन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। बैठक में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सम्मेलन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए आवास, भोजन, मंच संचालन, पंजीयन प्रक्रिया, अतिथि सत्कार और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही, आयोजित टेंडरों की समीक्षा कर आयोजन को सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के सुझाव भी लिए गए। अध्यक्ष राजेश चौधरी ने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन समाज की महत्वपूर्ण परंपरा है, जो सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी राहत प्रदान करता है। उन्होंने समिति के सभी सदस्यों और समाजबंधुओं से सम्मेलन की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।सदस्यों ने सम्मेलन को केवल विवाह आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे समाज की एकता, सहयोग और संस्कारों का प्रतीक बनाने पर जोर दिया।बैठक में उपस्थित गणमान्य लोगों ने अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए और आयोजन को ऐतिहासिक एवं यादगार बनाने के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। बैठक के अंत में सभी ने यह सुनिश्चित किया कि सम्मेलन समयबद्ध, सुव्यवस्थित और भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा, ताकि समाज के सभी वर्गों को इसमें सहभागी बनने और अपनी संस्कृति का गौरव महसूस करने का अवसर मिले।