55वीं केवीएस राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में जयपुर रीजन ने जीता सिल्वर मेडल, केंद्रीय विद्यालय बूँदी के खिलाड़ियों का जलवा

बूंदी-स्मार्ट हलचल|लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU), फगवाड़ा, पंजाब में आयोजित 55वीं केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी प्रतियोगिता में जयपुर संभाग (Region) की टीम ने सिल्वर मेडल (रजत पदक) जीतकर गौरव हासिल किया है। प्रतियोगिता के 17 वर्षीय बालक वर्ग में जयपुर रीजन की इस सफलता में केंद्रीय विद्यालय बूँदी के खिलाड़ियों का विशेष और अभूतपूर्व योगदान रहा।इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में *केंद्रीय विद्यालय बूँदी के ऋषिराज सिंह ने टीम के कप्तान के रूप में कुशल नेतृत्व किया। उनके साथ विद्यालय के प्रतिभावान खिलाड़ी हर्ष देव सिंह, अंकित मीणा और राजवीर सिंह ने अपने उत्कृष्ट रेडिंग और शानदार डिफेंस से पूरी प्रतियोगिता में विपक्षी टीमों को पस्त किया।

इन चारों खिलाड़ियों के दमदार खेल की बदौलत जयपुर रीजन की टीम ने फाइनल तक का सफर तय कर उपविजेता (Runners-up) का खिताब अपने नाम किया।

प्राचार्य श्री यू. एस. विजय ने दी बधाई

केंद्रीय विद्यालय बूँदी के खिलाड़ियों की इस राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य श्री यू. एस. विजय ने सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
प्राचार्य श्री यू. एस. विजय ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि ऋषिराज सिंह की कप्तानी और हर्ष, अंकित व राजवीर के शानदार खेल ने बूँदी जिले और पूरे राजस्थान का नाम राष्ट्रीय पटल पर चमकाया है। विद्यालय परिवार के लिए यह बेहद गर्व का क्षण है। बूँदी आगमन पर इन चारों राष्ट्रीय पदक विजेताओं का विद्यालय स्तर पर भव्य स्वागत किया जाएगा।

केंद्रीय विद्यालय संगठन (जयपुर संभाग) के उपायुक्त ने भी कप्तान ऋषिराज सिंह और बूँदी के सभी खिलाड़ियों को इस ऐतिहासिक सफलता पर बधाई संदेश भेजा है।