स्वास्थ्य विभाग का अलर्ट, हीटवेव से बचने के लिए सावधानी बरतें

बूँदी -स्मार्ट हलचल|बढ़ते तापमान और गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। संभावित हीटवेव के मद्देनजर सीएमएचओ डॉ. ओ पी सामर ने आमजन से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।उन्होंने बताया कि लू के प्रभाव से शरीर का तापमान तेजी से बढ़ जाता है, जिससे चक्कर आना, तेज बुखार, उल्टी और डिहाइड्रेशन जैसी समस्या हो सकती है। ऐसे लक्षण नजर आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार लेना जरूरी है। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। बाहर निकलते समय सिर को ढकें और हल्के रंग के सूती वस्त्र पहनें। किसान, मजदूर और खुले में काम करने वाले लोग समय-समय पर छाया में विश्राम करें तथा पानी, छाछ या ओआरएस का सेवन करते रहें। बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

डिप्टी सीएमएचओ (हैल्थ) डॉ. प्रदीप शर्मा ने बताया कि चिकित्सा संस्थानों में हीट वेव से बचाव सम्बन्धी आवश्यक व्यवस्थाओं जैसे ओ.पी.डी. रजिस्ट्रेशन एवं दवा वितरण काउंटर पर छाया, पीने का स्वच्छ शीतल जल की व्यवस्था, वेटिंग एरिया में शेड व्यवस्था तथा संस्थानों में साफ-सफाई आदि की सुनिश्चितता करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही आमजन में जागरूकता हेतु वृहत स्तर पर प्रचार-प्रसार गतिविधियों हेतु निर्देशित किया गया है।