पीआरबी चालक पर छात्र से मारपीट का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश

खखरेरू /स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र के कोट गांव में घर के बाहर खेल रहे कक्षा छह के छात्र के साथ डायल 112 में तैनात वाहन चालक द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और संबंधित पुलिसकर्मी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की जा रही है।जानकारी के अनुसार गांव निवासी सन्नाउल्ला पुत्र समीमउल्ला गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे अपने साथियों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। आरोप है कि उसी दौरान डायल 112 की पीआरबी गाड़ी (संख्या 8530) मौके पर पहुंची और चालक ने बच्चों को वहां से हटने के लिए डांटना शुरू कर दिया। बताया जाता है कि छात्र वहीं खड़ा रह गया, जिस पर चालक ने गाड़ी से डंडा निकालकर उस पर प्रहार कर दिया। मारपीट में छात्र के हाथ में गंभीर चोट आने की बात कही जा रही है।

घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की चर्चा है, जिसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिसकर्मी के इस व्यवहार को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि मासूम बच्चों के साथ इस तरह की मारपीट खाकी की छवि को धूमिल करने वाली है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की पूर्व जानकारी नहीं थी। वायरल वीडियो की जांच कर तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।