लू के प्रकोप में बच्चों की सेहत पर खतरा, सुविधाएं बढ़ाने और निरीक्षण की उठी मांग
भीलवाड़ा स्मार्ट हलचल|जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच स्कूली बच्चों की सेहत को लेकर चिंता गहराने लगी है। इसी को लेकर जन चेतना अभियान के तहत विद्यालयों के समय में बदलाव और मूलभूत सुविधाएं बढ़ाने की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।
जिला महासचिव बनवारी गाडरी और एनएसयूआई के पूर्व जिलाध्यक्ष रितेश गुर्जर के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को मेल के माध्यम से ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में बताया गया कि चिलचिलाती गर्मी और लू के बीच छोटे-छोटे बच्चे बिना पर्याप्त व्यवस्थाओं के स्कूल जाने को मजबूर हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों का समय तत्काल प्रभाव से सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक किया जाए। साथ ही स्कूलों में पंखे, शुद्ध पेयजल और लू से बचाव के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
इसके अलावा हीट वेव को देखते हुए शिक्षा विभाग से बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष गाइडलाइन जारी करने और जिला प्रशासन द्वारा नियमित औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने की भी मांग उठाई गई है।
रितेश गुर्जर ने कहा कि अन्य जिलों की तर्ज पर भीलवाड़ा में भी बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए त्वरित निर्णय लिया जाना चाहिए, ताकि नौनिहालों को इस भीषण गर्मी से राहत मिल सके।
