मुख्य बाजारों में भारी वाहनों की एंट्री बंद, कई मार्गों पर ‘नो-एंट्री’-कृषि मंडी व हाट मैदान में बने विशेष पार्किंग ज़ोन
शिवराज बारवाल मीना
टोंक । स्मार्ट हलचल|भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री राजस्थान सरकार की आज सोमवार, 27 अप्रैल को टोंक में प्रस्तावित यात्रा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। वीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार, शहर के मुख्य बाजारों और प्रमुख चौराहों पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आमजन की सुविधा के लिए कई मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया गया है, जिससे भीड़भाड़ और जाम की स्थिति से बचा जा सके। प्रशासन ने बाहरी क्षेत्रों से आने वाली बसों और कारों के लिए कृषि मंडी में पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की है। वहीं, शहर के अंदर दोपहिया वाहनों की पार्किंग हाट मैदान और दशहरा मैदान में निर्धारित की गई है। सुरक्षा कारणों से शहर के मध्य भाग से जुड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर ‘नो-एंट्री’ लागू रहेगी। इनमें छावनी चौराहा, पुलिस लाइन, बंबोर गेट दरवाजा, रूई पेच मैदान और कंकाली माता मंदिर कट से घंटाघर तक का क्षेत्र शामिल है।इन मार्गों पर केवल आपातकालीन सेवाओं और पासधारक वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी। वन-वे और डायवर्जन व्यवस्था के तहत सवाई माधोपुर पुलिया के नीचे सर्विस लाइन से होकर रिलायंस पेट्रोल पंप, सेंट एन्सेल्म स्कूल और बनवारीजी चौराहे से कृषि मंडी तक का मार्ग निर्धारित किया गया है। वहीं जयपुर रोड की ओर से आने वाले वाहन कामधेनु सर्किल, छावनी चौराहा और बस स्टैंड मार्ग होते हुए निर्धारित पार्किंग स्थल तक पहुंच सकेंगे। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करें और पुलिस का सहयोग करें, ताकि वीआईपी दौरे के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
