राजस्थान के वरिष्ठ IFS अधिकारी कैलाश चंद्र मीणा को बड़ी जिम्मेदारी

जयपुर/नई दिल्ली।स्मार्ट हलचल|राजस्थान कैडर के वरिष्ठ भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारी कैलाश चंद्र मीणा को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। भारत सरकार की कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने उन्हें डिप्टी डायरेक्टर जनरल ऑफ फॉरेस्ट (DDGF), रीजनल ऑफिस भोपाल पद पर नियुक्ति को मंजूरी दी है।कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के अधीन कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) द्वारा 11 अप्रैल 2026 को जारी आदेश के अनुसार कैलाश चंद्र मीणा, जो वर्ष 1997 बैच के राजस्थान कैडर के IFS अधिकारी हैं, को लेवल-15 पे मैट्रिक्स में यह नियुक्ति केंद्रीय प्रतिनियुक्ति आधार पर दी गई है। उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से अगले 5 वर्षों तक अथवा सेवानिवृत्ति आयु पूर्ण होने तक रहेगा।

वहीं, राजस्थान सरकार के कार्मिक विभाग ने भी आदेश जारी कर कैलाश चंद्र मीणा की सेवाएं भारत सरकार को प्रतिनियुक्ति पर उपलब्ध कराने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। आदेश के अनुसार वे वर्तमान में अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक (संरक्षण), जयपुर पद पर कार्यरत थे।

राज्य सरकार के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अधिकारी को उनके वर्तमान वेतनमान के अनुसार वेतन एवं भत्ते मिलते रहेंगे। साथ ही उनकी सेवाओं का उपयोग भारत में कहीं भी किया जा सकेगा।

वन विभाग और प्रशासनिक सेवा से जुड़े अधिकारियों ने कैलाश चंद्र मीणा की इस महत्वपूर्ण नियुक्ति को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। उनकी नियुक्ति से राजस्थान के वन प्रशासन को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत प्रतिनिधित्व मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।