अनिल कुमार
जिला ब्यावर
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग और जिला कलेक्टर श्री कमल राम मीना के सख्त निर्देशों के बाद जिले में एलपीजी सिलेंडरों के दुरुपयोग और कालाबाजारी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में 28 अप्रैल 2026 को जिला रसद विभाग की टीम ने शहर के कसाबान मोहल्ले में बड़ी कार्यवाही करते हुए अवैध रूप से रखे गए गैस सिलेंडर जब्त किए।
जांच दल की कार्यवाही
जिला रसद अधिकारी अब्दुल सादिक के नेतृत्व में गठित जांच दल, जिसमें प्रवर्तन अधिकारी सोहन सिंह चौहान और प्रवर्तन निरीक्षक विक्रान्त मथुरिया शामिल थे, ने कसाबान मोहल्ला पुलिस चौकी के पीछे स्थित सुमित प्रजापति के ठिकाने पर छापामार कार्यवाही की।
जब्त सामग्री और उल्लंघन
कार्यवाही के दौरान मौके से कुल 05 LPG सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें 03 घरेलू (14.2 कि.ग्रा.) और 02 वाणिज्यिक (19.00 कि.ग्रा.) सिलेंडर शामिल हैं। पूछताछ में दुकानदार के पास इन सिलेंडरों से संबंधित कोई बिल, वाउचर या उपभोक्ता डायरी नहीं मिली। सिलेंडर प्राप्ति का कोई प्रमाणित स्रोत नहीं होने के कारण इसे अवैध भंडारण और एलपीजी आदेश 2000 का सीधा उल्लंघन माना गया है।
कठोर विधिक कार्यवाही
जब्त किए गए सभी सिलेंडर ब्यावर गैस सर्विस के कार्मिक श्री राकेश कुमार को सुपुर्द कर दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उक्त प्रकरण आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 6A के तहत माननीय जिला कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
रसद विभाग की चेतावनी:
जिला रसद अधिकारी ने कहा कि गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग पर विभाग की नजर है और यह कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे केवल वैध कनेक्शन का ही उपयोग करें।
