उनियारा में आयुष्मान आरोग्य मंदिर (जनता क्लिनिक) के आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को 4 माह से वेतन नहीं,
* कलेक्टर व सीएमएचओ से लगाई जल्द भुगतान की गुहार-आंदोलन की चेतावनी
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/उनियारा ।स्मार्ट हलचल|जिले के उनियारा शहर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर (जनता क्लिनिक) में कार्यरत आउटसोर्सिंग (प्राइवेट एजेंसी) संविदा कर्मचारियों को पिछले चार माह से वेतन नहीं मिलने का मामला सामने आया है। वेतन नहीं मिलने से परेशान कर्मचारियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र भुगतान की मांग की है।
ज्ञापन में चिकित्सा अधिकारी डॉ. गौरव चोपड़ा सहित कार्मिक झनकार सिंह गुर्जर, सोनू सैनी, पदमा, प्रधान लाल, मनीषा गुर्जर और महेश सेन ने बताया कि वे 9 मई 2025 से लगातार सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन पिछले करीब चार माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया। इससे कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है और परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है।
कर्मचारियों ने बताया कि इस संबंध में वे पूर्व में भी 1 नवंबर 2025 को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ), टोंक तथा 2 दिसंबर 2025 को जिला कलेक्टर को अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि कर्मचारियों का ईएसआई और ईपीएफ भी 9 मई 2025 से जमा नहीं कराया जा रहा है, जबकि पहले यह नियमित रूप से जमा होता था। इसके लिए कर्मचारियों ने संबंधित ठेकेदार व विभागीय लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। गौरतलब है कि जिला कलेक्टर टोंक द्वारा सीएमएचओ डॉ. शैलेन्द्र सिंह चौधरी को भुगतान संबंधी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, इसके बावजूद अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। वहीं सीएमएचओ कार्यालय द्वारा प्लेसमेंट एजेंसी (नित्या एजेंसी, झालावाड़) को प्रतिमाह भुगतान किए जाने की बात भी सामने आई है। अगर एजेंसी को भुगतान करने का आरोप सही साबित होता है तो इसमें सीएमएचओ टोंक की कार्यशैली व सांठगांठ को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े होते नजर आ रहे हैं। कर्मचारियों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर शीघ्र बकाया वेतन दिलाने और ईएसआई-ईपीएफ जमा कराने की मांग की है। साथ ही जनता क्लिनिक कार्मिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे
