भैंसावा (जयपुर)। स्मार्ट हलचल|जोबनेर ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर, भैंसावा में 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 50 दिवसीय काउंट डाउन योगाभ्यास कार्यक्रम शनिवार से प्रारंभ होगा। यह कार्यक्रम 2 मई से 20 जून 2026 तक नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। जयपुर ‘ब’ क्षेत्र के आयुर्वेद उपनिदेशक डॉ. पी. एल. मीणा के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चे, युवा एवं बुजुर्ग—पुरुष एवं महिलाएं सभी सामूहिक रूप से योगाभ्यास करेंगे। कार्यक्रम के दौरान निर्धारित सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुसार प्रतिभागियों को निरोगी जीवनशैली का प्रशिक्षण दिया जाएगा। काउंट डाउन योगाभ्यास कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक बाबू लाल कुमावत द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योग क्रियाएं, आसन, प्राणायाम एवं ध्यान का नियमित अभ्यास कराया जाएगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आमजन में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।
आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी एवं प्रभारी डॉ. मुकेश कुमार शर्मा ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है। वहीं आयुर्वेद कंपाउंडर नानग राम बंसीवाल ने भी लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया है।
