ब्यावर। स्मार्ट हलचल|शहर में बढ़ती जनसमस्याओं को लेकर सामाजिक संगठन हिन्दू हेल्पलाइन के प्रान्त अध्यक्ष मुकेश सोनी के नेतृत्व में जिला कलेक्टर एवं नगर परिषद आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में मुख्य रूप से आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या, खराब पड़े हैंडपम्पों की मरम्मत तथा सुभाष उद्यान में साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग उठाई गई।ज्ञापन में बताया गया कि शहर में आवारा पशुओं के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे आमजन, विशेषकर बुजुर्ग, गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। कई स्थानों पर पशुओं के आपसी संघर्ष से राहगीर भी चोटिल हो रहे हैं। इस स्थिति को देखते हुए शहर में विशेष अभियान चलाकर आवारा पशुओं पर नियंत्रण करने की आवश्यकता जताई गई।इसके साथ ही संगठन के नगर महामंत्री मनीष व्यास ने भीषण गर्मी के चलते शहर के विभिन्न क्षेत्रों में खराब पड़े हैंडपम्पों की समस्या को भी गंभीर बताया गया। जलापूर्ति बाधित होने की स्थिति में ये हैंडपम्प आमजन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं, लेकिन वर्तमान में कई हैंडपम्प खराब या बंद पड़े हैं। संगठन ने प्रशासन से शीघ्र मरम्मत कर जल व्यवस्था सुचारू करने की मांग की है।वहीं, शहर के प्रमुख सुभाष उद्यान में साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था के अभाव पर भी चिंता व्यक्त की गई। ज्ञापन में नगर उपाध्यक्ष विक्रम रल ने कहा कि उद्यान में असामाजिक तत्वों एवं नशेड़ियों का जमावड़ा बढ़ता जा रहा है, जिससे वहां आने वाले महिला, पुरुष एवं बच्चों को असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने उद्यान में नियमित साफ-सफाई, अतिरिक्त सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति तथा पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।संगठन के पदाधिकारी ने बताया कि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान होना अत्यंत आवश्यक है, जिससे आमजन को राहत मिल सके। ज्ञापन देने वालों में नगर विधिक सलाहकार एडवोकेट सुनील दुबे, नगर संगठन महामंत्री मनीष व्यास, नगर कोषाध्यक्ष सुनील जैन, नगर उपाध्यक्ष विक्रम रल, मंत्री सत्यनारायण बालोदिया, राजू गुर्जर, गोपाल गहलोत, टीकम दास छाबड़ा, उमेद चौहान, सुधीर प्रताप, दीपक अटवाल, नवीन कुमार, रामदेव सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
