जगन्नाथपुर में कार्तिक-पार्वती की प्रतिमाएं स्थापितः नवसृजित गांव में कलश यात्रा के साथ हुई प्राण-प्रतिष्ठा

अविनाश मीणा 

घाड़ (देवली), टोंक|स्मार्ट हलचल|नवसृजित ग्राम पंचायत जगन्नाथपुर में रविवार को ठाकुर जी के मंदिर में कार्तिक और माता पार्वती की प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। इस अवसर पर गांव में धार्मिक उत्साह देखा गया।कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश यात्रा से हुई। बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर गांव के मुख्य मार्गों से पदयात्रा निकाली। भक्ति गीतों और जयकारों से पूरा गांव गूंज उठा।कलश यात्रा मंदिर पहुंचने के बाद, विधिवत मंत्रोच्चार के साथ ठाकुर जी के मंदिर में कार्तिक और माता पार्वती की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। प्राण-प्रतिष्ठा के उपरांत विशेष पूजा-अर्चना की गई।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी भक्तों को महाप्रसादी वितरित की गई, जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस धार्मिक आयोजन में गांव के प्रबुद्ध जन और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इनमें ग्यारसी लाल रामस्वरूप, हीरालाल जी रामनारायण, सीताराम, रतन, कन्हैया लाल, मदन पटेल, रूपनारायण बागड़ी, जोधाराम और सीताराम सहित कई ग्रामीण शामिल थे। ग्रामीणों ने बताया कि नवसृजित पंचायत बनने के बाद इस तरह के सामूहिक धार्मिक आयोजनों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बढ़ रहा है।