रामेष्ट युवा मंडल के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त जिला युवा अधिकारी का किया अभिनंदन

बूंदी-स्मार्ट हलचल|रामेष्ट युवा मंडल संस्थान की ओर से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत केंद्र, बूंदी में नव नियुक्त जिला युवा अधिकारी अशोक कुमार मेघवाल के पदभार ग्रहण करने पर स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंडल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा उन्हें पारंपरिक साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मंडल द्वारा गत वर्षों में किए गए विभिन्न सामाजिक एवं युवा विकास कार्यों—विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं को संगठित करने, जागरूकता अभियान चलाने, स्वच्छता, शिक्षा एवं समाज सेवा से जुड़े प्रयासों—की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। जिला युवा अधिकारी मेघवाल ने मंडल के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना अत्यंत आवश्यक है, उन्होंने आश्वस्त किया कि वे जिले के अधिकाधिक युवाओं, विशेषकर ग्रामीण अंचल के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने, उनकी प्रतिभा को निखारने तथा उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।

इस अवसर पर केंद्र का लगभग एक वर्ष तक अतिरिक्त प्रभार संभालने वाले उपनिदेशक श्री सचिन पाटोदिया को भावभीनी विदाई दी गई। उनके कार्यकाल में केंद्र के माध्यम से अनेक नवाचारपूर्ण एवं प्रभावी कार्यक्रमों का सफल संचालन किया गया, जिससे युवाओं में जागरूकता, सहभागिता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूती मिली। मंडल द्वारा उन्हें भी साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।इस दौरान शिखर पंचोली, रोहन गुर्जर, विवेक गुर्जर, दीपेश सैनी, सोनू कुमार सैनी, धैर्य सिंह सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। अंत में सभी ने नए नेतृत्व के मार्गदर्शन में युवाओं के सर्वांगीण विकास एवं समाजहित के कार्यों को और अधिक गति देने का संकल्प लिया।