(उपनिदेशक डॉ.पी.एल.मीणा के निर्देशन में नियमित 50 दिवसीय काउंटडाउन जारी)
जोबनेर। स्मार्ट हलचल|आयुष्मान आरोग्य मंदिर, राजकीय आयुर्वेद औषधालय भैंसावा (जयपुर) की ओर से उपनिदेशक डॉ. पी.एल. मीणा के निर्देशन में 50 दिवसीय काउंटडाउन योगाभ्यास कार्यक्रम नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है। साथ ही आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में घर-घर जाकर व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।
इस वर्ष 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस “Yoga for Wellness, Wisdom, and World Peace” थीम के साथ मनाया जाएगा, जिसका संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। इसी क्रम में राजकीय आयुर्वेद औषधालय के योग प्रशिक्षक बाबू लाल कुमावत द्वारा जोबनेर कॉलेज के विद्यार्थियों को योग जागरूकता रैली के माध्यम से 50 दिवसीय काउंटडाउन योगाभ्यास एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षक बाबू लाल कुमावत ने बताया कि आयुर्वेद विभाग द्वारा पूरे प्रदेश में 50 दिवसीय काउंटडाउन योगाभ्यास कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को ग्रीवा चालन, स्कंध संचालन, घुटना, संचालन, ताड़ासन, वृक्षासन, अनुलोम-विलोम आदि योगाभ्यास भी करवाए।
इस दौरान आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार शर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर अधिक से अधिक लोगों को योग से जुड़ने एवं इसे दैनिक जीवन में अपनाने पर जोर दिया। आयुर्वेद कंपाउंडर नानगराम बंसीवाल ने भी सभी को नियमित योगाभ्यास कर निरोगी जीवन अपनाने का संदेश दिया।
