चार दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ, बढ़ता आक्रोश — पूर्व विधायक की अगुवाई में सौंपा ज्ञापन, 15 दिन में खुलासे की चेतावनी

बेखौफ बदमाश, बेबस पुलिस! 4 दिन बाद भी नहीं खुली लूट की गुत्थी — पूर्व विधायक के नेतृत्व में फूटा जनाक्रोश, 15 दिन का अल्टीमेटम

संजय चौरसिया
हरनावदाशाहजी।स्मार्ट हलचल|कस्बे में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात को मंगलवार को चार दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक खाली हाथ है। लगातार हो रही चोरी और लूट की घटनाओं के बीच इस मामले का खुलासा नहीं होने से आमजन में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
मंगलवार शाम को बढ़ते जनाक्रोश के बीच छबड़ा-छीपाबड़ौद के पूर्व विधायक करण सिंह राठौड़ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और व्यापारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर थानाधिकारी के नाम एएसआई को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान मौके पर ही सीआई को बुलाने की मांग भी उठाई गई, लेकिन सीआई मौके पर नहीं पहुंचे।
पूर्व विधायक राठौड़ की अगुवाई में एएसआई डालूराम गुर्जर को ज्ञापन सौंपते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) से फोन पर वार्ता कर लूट की वारदात का शीघ्र पर्दाफाश करने की मांग रखी गई। पुलिस के सुस्त रवैए के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और चेतावनी दी गई कि यदि 15 दिन के भीतर लूट का खुलासा नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन में बताया गया कि कस्बे में पिछले दिनों कुशवाह मोहल्ले में नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाते हुए मारपीट की और सोने-चांदी के जेवर सहित करीब ढाई लाख रुपए की लूट को अंजाम दिया था। वारदात के बाद से ही क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।
इसके अलावा कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिनमें खेतों से पानी की मोटर चोरी, अकलेरा मार्ग स्थित बस स्टैंड के ढाबे पर चोरी, नयागांव बंजारी में दीवार तोड़कर चोरी, सूने मकानों के ताले तोड़ना, बाइक और मोबाइल चोरी जैसी वारदातें शामिल हैं। इन घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं होने से लोगों में पुलिस के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
पूर्व विधायक करण सिंह राठौड़ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस यदि समय रहते कार्रवाई नहीं करती है तो आमजन को मजबूरन सड़कों पर उतरना पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन को चेताते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान बाबूलाल टाटू, अरबाज खान, देवेंद्र पंचोली, मोहित गुप्ता, राजेश मेवाड़ा, सद्दाम मेव, मुबारिक मंसूरी, रानू बना सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
लगातार बढ़ती वारदातों और पुलिस की धीमी कार्रवाई के चलते हरनावदाशाहजी कस्बे में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है, अब सबकी नजरें पुलिस की कार्रवाई और लूट के खुलासे पर टिकी हैं।

सीसीटीवी में कैद हुए नकाबपोश बदमाश

कुशवाह मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन नकाबपोश संदिग्ध कैद हुए हैं। फुटेज में बदमाश घटना के बाद एक छोटी गली से होते हुए बाजार की ओर भागते नजर आ रहे हैं। राधाकृष्ण मंदिर के पास भी उनकी गतिविधियां दिखाई दी हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर तलाश तेज कर दी है।

खुलासा नहीं हुआ तो होगा उग्र आंदोलन

लगातार हो रही चोरी और लूट की घटनाओं से कस्बे में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। पूर्व विधायक करण सिंह राठौड़ ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिन के भीतर इस लूट की वारदात का खुलासा नहीं हुआ तो व्यापारी वर्ग और आमजन के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।