बानसूर। स्मार्ट हलचल|पंचायत समिति परिसर में गुरुवार रात एक जर्जर सरकारी आवास की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय आसपास कोई मौजूद नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद परिसर में बने पुराने सरकारी आवासों की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आ गई हैं। जानकारी के अनुसार पंचायत समिति परिसर में करीब 9 से 10 सरकारी आवास बने हुए हैं, जिन्हें पहले ही जर्जर घोषित किया जा चुका है। जिस आवास की छत गिरी, उसके पास ही एक अन्य सरकारी आवास स्थित है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह हादसा दिन के समय होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जर्जर सरकारी आवासों का जल्द सर्वे करवाकर उनकी मरम्मत कराई जाए या नए आवासों का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। पंचायत समिति के कार्यवाहक विकास अधिकारी प्रदीप वीरमानी ने बताया कि परिसर के सभी सरकारी आवास जर्जर घोषित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि केवल एक आवास ही सुरक्षित स्थिति में है और किसी भी कर्मचारी को जर्जर आवासों में रहने की अनुमति नहीं दी गई है।
