कृषि उपज मंडी प्रांगण में प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सांय 4:30 बजे तक होगा संगीतमय कथा वाचन,संत श्री दिग्विजयरामजी महाराज बिखेरेंगे भक्ति और ज्ञान की अमृतवर्षा
निंबाहेड़ा,10 मई (ज़ाकिर हुसैन)
स्मार्ट हलचल|धर्म, भक्ति और सनातन संस्कृति की अलौकिक ज्योति से आलोकित निंबाहेड़ा नगरी में आगामी 13 मई से 19 मई 2026 तक भव्य एवं दिव्य संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है।
यह सात दिवसीय आध्यात्मिक आयोजन सोनी (माहेश्वरी) परिवार, निंबाहेड़ा द्वारा श्रद्धा, आस्था एवं धर्मभावना के साथ आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
धार्मिक आयोजन को लेकर सम्पूर्ण क्षेत्र में उत्साह, श्रद्धा और भक्ति का वातावरण निर्मित हो चुका है। आयोजन समिति द्वारा कथा स्थल को आकर्षक धार्मिक सजावट, भव्य विद्युत सज्जा एवं आध्यात्मिक वातावरण से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को दिव्य अनुभूति प्राप्त हो सके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कथा का आयोजन कृषि उपज मंडी समिति परिसर, न्यू गेट छोटीसादड़ी रोड, निंबाहेड़ा में किया जाएगा, जहां प्रतिदिन दोपहर 1:00 बजे से सांय 4:30 बजे तक संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का वाचन होगा। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं, भक्तिमय प्रसंगों एवं सनातन धर्म के गूढ़ संदेशों का रसपान श्रद्धालुओं को कराया जाएगा।
इस पावन अवसर पर व्यासपीठ को सुशोभित करेंगे रामस्नेही संप्रदाय के ब्रह्मलीन सद्गुरु श्री भगतरामजी महाराज के परम शिष्य, ओजस्वी एवं प्रखर वक्ता संत श्री दिग्विजयरामजी महाराज (दर्शनाचार्य एवं एम.ए. अंग्रेजी, रामद्वारा चित्तौड़गढ़)। संतश्री अपनी मधुर, ओजपूर्ण एवं भावविभोर कर देने वाली अमृतवाणी से श्रीमद् भागवत महापुराण की महिमा का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कार, सेवा, मानवता एवं ईश्वर भक्ति का संदेश देंगे।
आयोजन समिति ने बताया कि कथा महोत्सव का शुभारंभ 13 मई बुधवार को मंगल कलश यात्रा एवं विविध धार्मिक कार्यक्रमों के साथ होगा। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, गोवर्धन पूजा, रुक्मिणी विवाह, सुदामा चरित्र, नरसिंह अवतार, वामन अवतार एवं भक्त प्रहलाद चरित्र सहित अनेक प्रेरणादायी प्रसंगों का जीवंत एवं संगीतमय वर्णन किया जाएगा। कथा में भजन, कीर्तन एवं भक्तिमय प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर देंगी।
धार्मिक आयोजन के अंतर्गत प्रतिदिन संत महात्माओं का सान्निध्य, भक्ति संगीत एवं आध्यात्मिक प्रवचनों की त्रिवेणी बहती नजर आएगी। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के बैठने, पेयजल, छाया एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर आयोजन समिति द्वारा व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।
सोनी (माहेश्वरी) परिवार एवं आयोजन समिति ने निंबाहेड़ा सहित आसपास के समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है। समिति ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सनातन संस्कृति, पारिवारिक संस्कारों एवं मानव जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करने वाला आध्यात्मिक महोत्सव है।
नगरवासियों का मानना है कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक समरसता का संदेश प्रसारित होता है। आगामी सप्ताहभर तक निंबाहेड़ा की पावन धरा श्रीकृष्ण भक्ति, कथा रस एवं हरिनाम संकीर्तन से भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहने वाली है।
