बावड़ी खेड़ा में आयोजित डे-नाइट क्रिक्रेट प्रतियोगिता का समापन समारोह आयोजित

नीरज मीणा

महवा। स्मार्ट हलचल/विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बाबड़ीखेड़ा में आयोजित डे-नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन समारोह उत्साह और खेल भावना के साथ सम्पन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महवा विधायक राजेन्द्र मीणा ने शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा ग्रामीण युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित किया।
इस अवसर पर विधायक ने क्षेत्र के विकास को लेकर बड़ी घोषणाएं करते हुए बाबड़ीखेड़ा एवं डग्गा वाड़ी में हाई मास्क लाइट लगाने हेतु विधायक कोष से 10 लाख रुपए तथा मॉडल लाइब्रेरी निर्माण के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। विधायक की घोषणाओं से ग्रामीणों और युवाओं में खुशी की लहर दौड़ गई।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक राजेन्द्र मीणा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताएं युवाओं की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना का विकास करती हैं। खेल युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम हैं।
उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति एवं सभी युवा साथियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। साथ ही प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि युवा इसी ऊर्जा, समर्पण और खेल भावना के साथ क्षेत्र और समाज का नाम रोशन करते रहें।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में युवा साथी उपस्थित रहे।