अनिल कुमार
चोरों पर भारी पड़ी साइबर सेल: ब्यावर पुलिस ने बिहार और गुजरात तक से रिकवर किए 156 मोबाइल फोन”
स्मार्ट हलचल|ब्यावर जिला पुलिस ने तकनीक और मुस्तैदी का परिचय देते हुए गुमशुदा मोबाइल फोन बरामदगी के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक रतन सिंह (IPS) के निर्देशन में साइबर सेल ने इस वर्ष अब तक कुल 156 मोबाइल फोन ट्रेस कर उनके असली मालिकों को सुपुर्द किए हैं, जिनकी बाजार में कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है।
तीन चरणों में हुई बरामदगी
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आज 53 मोबाइल फोन परिवादियों को सौंपे गए। इस वर्ष की उपलब्धियों का क्रम इस प्रकार रहा:
12 जनवरी: 51 मोबाइल फोन बरामद।
27 मार्च: 52 मोबाइल फोन बरामद।
11 मई (आज): 53 मोबाइल फोन (कीमत ₹12.50 लाख) बरामद।
दूसरे राज्यों तक पहुँचा ब्यावर पुलिस का शिकंजा
साइबर सेल ने केवल राजस्थान ही नहीं, बल्कि बिहार, गुजरात और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों से भी मोबाइल ढूंढ निकाले। इस कार्य में भारत सरकार के CEIR पोर्टल और तकनीकी आसूचना का विशेष योगदान रहा। फोन वापस पाकर कई परिवादी भावुक हो उठे और पुलिस की कार्यशैली की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
इन अधिकारियों की रही मुख्य भूमिका
इस सफल अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र शर्मा एवं उप अधीक्षक राजेश कसाना ने किया। फील्ड में साइबर सेल प्रभारी सउनि सरफराज, म. हैड कानि. मीना, कानि. नैना सिंह, सुशिल टोगस, रामवतार, गोविन्दराम और हेमराज की विशेष टीम ने दिन-रात एक कर इन फोनों को ट्रेस किया।
पुलिस की अपील: न हों परेशान, ऐसे दर्ज करें रिपोर्ट
एसपी श्री रतन सिंह ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर घबराएं नहीं। तुरंत निम्नलिखित कदम उठाएं:
राजस्थान पुलिस की वेबसाइट पर ‘Lost Report’ दर्ज करें।
इसके बाद प्राप्त रसीद के जरिए CEIR पोर्टल पर जाकर अपना मोबाइल ब्लॉक करवाएं ताकि उसका दुरुपयोग न हो सके।
