मंगरोप@मुकेश खटीक।क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है।सुबह 10 बजे के बाद ही गर्म हवाओं का दौर शुरू हो जाता है,जिससे आमजन का जनजीवन प्रभावित होने लगा है।दोपहर होते-होते बाजारों और मुख्य सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है तथा लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।कचोलिया निवासी किशन गुर्जर ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है।सुबह के समय कुछ राहत रहती है,लेकिन 10 बजते ही लू का कहर प्रचंड होने लगता है।दोपहर में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण खेत पर जाना तक मुश्किल हो रहा है।खेतों में काम करने वाले किसान और मजदूर सबसे ज्यादा परेशान हैं,जिन्हें मजबूरी में तपती धूप में काम करना पड़ रहा है।क्षेत्र में तापमान लगातार बढ़ने से कूलर और पंखे भी बेअसर साबित हो रहे हैं।कई जगहों पर लोग पेड़ों की छांव और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते नजर आ रहे हैं।गर्मी के कारण बाजारों में भी दिन के समय ग्राहकों की संख्या कम हो गई है।भीषण गर्मी का असर पशु-पक्षियों पर भी दिखाई देने लगा है।
