बिजयनगर पुलिस ने सुलझाई मंदिरों में चोरी की गुत्थी: सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से पकड़ा गया विधि से संघर्षरत बालक

अनिल कुमार

ब्यावर/स्मार्ट हलचल|बिजयनगर ब्यावर जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह (IPS) के कड़े निर्देशों के बाद बिजयनगर थाना पुलिस ने क्षेत्र के मंदिरों में चोरी करने वाले गिरोह के विरुद्ध बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने धार्मिक स्थलों से दान-पात्र तोड़कर नकदी चुराने के मामले में एक ‘विधि से संघर्षरत बालक’ को निरुद्ध किया है।

क्या था मामला?
बीती 2 मई को शिवाजी नगर निवासी सोहनलाल जांगिड़ ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 18 अप्रैल की रात चोरों ने कन्हैया कॉलोनी और शिवाजी नगर स्थित ‘बड़ के बालाजी’ मंदिर की खिड़की और ताले तोड़कर दान-पात्र से राशि पार कर ली थी। इस घटना से स्थानीय लोगों में काफी रोष था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी करण सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

ऐसे मिली सफलता:
अनुसंधान अधिकारी हेड कांस्टेबल शंकरलाल ने टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने एक संदिग्ध बालक को घेराबंदी कर निरुद्ध किया। कड़ाई से पूछताछ करने पर बालक ने बिजयनगर के साथ-साथ ग्राम शिखरानी और गुलाबपुरा के कई धार्मिक स्थलों पर चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया।

माल बरामद, जेजे बोर्ड में होगा पेश:
पुलिस ने बालक के कब्जे से चोरी किया गया माल (मशरूका) बरामद कर लिया है। पुलिस प्रशासन के अनुसार, बालक को किशोर न्याय बोर्ड, अजमेर के समक्ष पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई से क्षेत्र के मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नागरिकों ने पुलिस का आभार जताया है।

कार्रवाई करने वाली टीम:
इस खुलासे में थानाधिकारी करण सिंह, हेड कांस्टेबल शंकर लाल, कांस्टेबल कृष्ण कुमार और कांस्टेबल मोहित सिंह की मुख्य भूमिका रही।