प्रॉपर्टी डीलिंग की आड़ में चल रहा था सट्टे का खेल, 9800 रुपये नकद बरामद

मंडावर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सट्टे के कारोबार का खुलासा

नीरज मीणा

स्मार्ट हलचल/मंडावर/दौसा,मंडावर थाना पुलिस ने अवैध सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करणबास चौराहे से एक सटोरिये को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9800 रुपये नकद, सट्टे की पर्चियां और एक पेन बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सट्टा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि प्रॉपर्टी डीलिंग की आड़ में लंबे समय से अवैध सट्टे का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही मंडावर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को एक रुपये के बदले 90 रुपये तक देने का लालच देकर सट्टा खिलाने का काम कर रहा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी का नेटवर्क मंडावर के अलावा जयपुर तक फैला हुआ बताया जा रहा है।
पुलिस ने कही सख्त कार्रवाई की बात
मंडावर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्रकार के अवैध सट्टे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
क्षेत्र में मचा हड़कंप
पुलिस कार्रवाई के बाद सट्टे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने मंडावर पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ा कदम बताया है।