चित्तौड़गढ़ से पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ता, जिलाध्यक्ष अल्पेश गोस्वामी डिटेन
चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली में आयोजित एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रदर्शन में चित्तौड़गढ़ से सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शन एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों के भविष्य के साथ हुए कथित खिलवाड़ के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने एनएसयूआई राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ सहित चित्तौड़गढ़ एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अल्पेश गोस्वामी और कई कार्यकर्ताओं को डिटेन कर लिया।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अल्पेश गोस्वामी ने कहा कि संगठन हमेशा छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ता रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन एनएसयूआई संघर्ष से पीछे हटने वाली नहीं है।
गोस्वामी ने कहा कि नीट पेपर लीक जैसे मामलों से देश के लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित होता है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्रों के हितों की रक्षा एवं निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर नारेबाजी भी की।
