अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|स्थानीय क्षेत्र की होनहार बेटी और मेघवाल समाज की गौरव अधिवक्ता खुशबु पलासिया को राजस्थान सरकार द्वारा सरकारी अधिवक्ता नियुक्त किया गया है। उनकी इस प्रतिष्ठित पद पर नियुक्ति से ब्यावर क्षेत्र सहित पूरे समाज में हर्ष का माहौल है। इस अवसर पर राष्ट्रीय भ्रष्टाचार निरोधक एवं मानवाधिकार संस्था, जिला ब्यावर की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं की गईं।
जोधपुर विवि से की उच्च शिक्षा, RJS प्री भी की थी उत्तीर्ण
30 जनवरी 1992 को जन्मीं श्रीमती खुशबु पलासिया की प्रारंभिक शिक्षा जोधपुर के प्रतिष्ठित सोहन लाल मणिहार सीनियर स्कूल से अंग्रेजी माध्यम में हुई। इसके बाद उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा की ओर कदम बढ़ाते हुए जोधपुर विश्वविद्यालय से बी.कॉम., एल.एल.बी. और एल.एल.एम. की उपाधि प्राप्त की। अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए उन्होंने वर्ष 2014 में आरजेएस (RJS) प्री परीक्षा भी उत्तीर्ण की थी।
अक्टूबर 2016 से लगातार दे रही हैं विधिक सेवाएं
श्रीमती पलासिया अक्टूबर 2016 से लगातार जोधपुर उच्च न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में अपनी उत्कृष्ट विधिक सेवाएं दे रही हैं। उनके इसी लंबे विधिक अनुभव, कार्यकुशलता और बेहतरीन रिकॉर्ड को देखते हुए राजस्थान सरकार ने उन्हें सरकारी अधिवक्ता के पद पर नियुक्त कर एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनीं खुशबु
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर खुशी जताते हुए राष्ट्रीय भ्रष्टाचार निरोधक एवं मानवाधिकार संस्था के जिलाध्यक्ष चिराग मेघवाल ने कहा कि श्रीमती खुशबु पलासिया की यह सफलता न केवल मेघवाल समाज बल्कि पूरी युवा पीढ़ी और क्षेत्र की बेटियों के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत है। उनकी इस नियुक्ति पर संस्था परिवार के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनके सफल कार्यकाल और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
