आकोला (रमेश चंद्र डाड)।
स्मार्ट हलचल|बरूंदनी के समीप स्थित नवसृजित ग्राम पंचायत देवीपुरा में शिव परिवार की मूर्ति स्थापना का दो दिवसीय धार्मिक आयोजन बड़े ही धूमधाम और आस्था के साथ संपन्न हुआ। पंडित सतीश पंचोली के आचार्यत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव, माता पार्वती, श्री गणेश, भगवान कार्तिकेय और नंदी महाराज की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की गई।
दो दिवसीय अनुष्ठान में हुए विविध धार्मिक आयोजन
मूर्ति प्रतिष्ठा महोत्सव के दो दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत कई धार्मिक अनुष्ठान किए गए। सबसे पहले भगवान की मूर्तियों को पवित्र करने के लिए अन्नाधिवास, पुष्पाधिवास (फूला दिवास) और फलाधिवास कराया गया। इसके पश्चात वैदिक ऋचाओं के बीच सहस्त्रधारा अभिषेक और विशाल हवन-पूजन संपन्न हुआ।
सैकड़ों श्रद्धालुओं की जय-जयकार के बीच शिव पंचायतन देवता की मूर्ति को पूरे विधि-विधान से उनके आसन पर विराजित किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर भगवान की महाआरती उतारी गई और उपस्थित सभी भक्तों में प्रसाद का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति:
इस भक्तिमय आयोजन के दौरान गांव का माहौल पूरी तरह से शिवमय हो गया। मूर्ति प्रतिष्ठा समारोह में मुख्य रूप से नारायण जाट, गणेश जाट, भगवान जाट, शिव जाट, सत्यनारायण वैष्णव, भंवर जाट, शंकर जाट और गोपाल जाट सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और धर्मप्रेमी बंधु उपस्थित रहे।
