मांडल में भी चला पीले पंजे का कहर, नाले पर बने पक्के निर्माण ध्वस्त

सुरेश चंद्र मेघवंशी
मांडल । कस्बे में प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए महेश कॉलोनी क्षेत्र में नाले पर किए गए पक्के निर्माणों पर पीला पंजा चलाया। हिट वेव के बीच हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत प्रशासन एवं सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और नाले की भूमि पर किए गए अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। प्रशासन का कहना है कि बरसात के मौसम से पहले जलभराव और पानी निकासी की समस्या को रोकने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।

सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने नाले पर हो रहे पक्के निर्माणों को अवैध बताते हुए कहा कि अतिक्रमण के कारण बारिश के दौरान पानी की निकासी प्रभावित होती है, जिससे आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति बन जाती है।

प्रशासन ने चारभुजा कॉलोनी एवं कोली खेड़ा मार्ग क्षेत्र में भी अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी किए हैं। अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि सरकारी भूमि एवं नालों पर किए गए अवैध कब्जों को जल्द हटाया जाए, अन्यथा प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।

कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। वहीं अन्य अतिक्रमणकारियों में भी कार्रवाई को लेकर भय का माहौल देखा गया। प्रशासन ने आगामी दिनों में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रखने के संकेत दिए हैं।