NDPS एक्ट में 5 साल से फरार वांछित तस्कर बुधाराम विश्नोई पाली से गिरफ्तार

अनिल कुमार

स्मार्ट हलचल ।ब्यावर/रायपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ब्यावर जिला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। रायपुर थाना पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के मामले में पिछले 5 वर्षों से फरार चल रहे एक शातिर वांछित अपराधी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। आरोपी अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था, जिसे पुलिस की विशेष टीम ने पाली स्थित उसकी होटल से दबोच लिया।

नाकाबंदी में पकड़ी गई थी 58 किलो डोडा पोस्त
पुलिस अधीक्षक (SP) रतन सिंह (IPS) ने बताया कि मामला 17 जनवरी 2021 का है। तत्कालीन थानाधिकारी मनोज राणा ने जाप्ते के साथ एनएच-162 पर पक्षी धाम के सामने नाकाबंदी की थी। इस दौरान एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी (RJ 51 UA 8851) तेज गति से लहराती हुई आई। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी मोड़कर भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी कर गाड़ी को रुकवाया। तलाशी लेने पर स्कॉर्पियो की पिछली सीट और डिग्गी में तीन कट्टों में भरा 58 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। मौके से पुलिस ने आरोपी चालक अर्जुन सिंह उर्फ जीतसा (निवासी जालौर) और सह-आरोपी रामपाल विश्नोई (निवासी जोधपुर) को गिरफ्तार किया था।

पूछताछ में खुला था मुख्य सप्लायर का नाम
गिरफ्तार तस्करों ने पूछताछ में कुबूल किया था कि उन्होंने यह डोडा पोस्त बुधाराम विश्नोई के कहने पर मध्य प्रदेश के तिलस्वा महादेव के पास स्थित एक गांव से लाया था और वे इसे बुधाराम को ही सप्लाई करने जा रहे थे। इस खुलासे के बाद से ही पुलिस बुधाराम की तलाश में थी, लेकिन वह अपने ठिकाने से फरार हो गया था। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 173(8) CrPC के तहत जांच लंबित रखी थी।

विशेष टीम ने होटल पर दी दबिश
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) श्रीमती अनुकृति उज्जैनिया और वृत्ताधिकारी रायपुर के निकट सुपरविजन में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने पाली और जोधपुर में डेरा डालकर तकनीकी सहायता और मुखबिरों से इनपुट जुटाया। सटीक सूचना के आधार पर टीम ने जिला पाली में स्थित ‘होटल विष्णू गोविन्द’ पर दबिश देकर मुख्य आरोपी बुधाराम विश्नोई (36) पुत्र सोनाराम विश्नोई (निवासी भाणिया, शिवपुरा, पाली) को गिरफ्तार कर लिया।

इस टीम की रही सराहनीय भूमिका
आरोपी को दबोचने में रायपुर थाने के सहायक उपनिरीक्षक (ASI) मनोहरलाल का विशेष योगदान रहा। उनके साथ इस टीम में आनंदपुर कालू थाने के कांस्टेबल करतारसिंह (401) और सेंदड़ा थाने के कांस्टेबल संजय (1725) शामिल थे। पुलिस अब आरोपी से नेटवर्क को लेकर कड़ी पूछताछ कर रही है।