खखरेरू फतेहपुर
स्मार्ट हलचल।थाना क्षेत्र के नगर पंचायत खखरेरू में बीती रात एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ एक मकान का बारजा और उसके ऊपर बना शौचालय अचानक भरभराकर नीचे सो रहे चाचा-भतीजे पर गिर गया। इस मलबे में दबकर 34 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका 13 वर्षीय भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी शिवकरन प्रजापति पुत्र छोटूलाल प्रजापति वर्तमान में नगर पंचायत खखरेरू में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि बीती रात लगभग 9 बजे उनका चचेरा भाई राजकुमार (उम्र लगभग 34 वर्ष) और भतीजा रॉकी (उम्र लगभग 13 वर्ष) अपने घर के दरवाजे पर बारजे के नीचे लेटे हुए थे इसी दौरान बारजे के ऊपर बना भारी-भरकम शौचालय अचानक बारजे सहित नीचे ढह गया। बारजे के नीचे सो रहे राजकुमार और रॉकी मलबे के नीचे बुरी तरह दब गए और चीख-पुकार मच गई अचानक तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजनों और स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में मलबे को हटाकर दोनों को बाहर निकाला। दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए परिजन उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल फतेहपुर ले गए। जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद राजकुमार (34) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल भतीजे रॉकी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, जहाँ उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतक राजकुमार की पत्नी आशा देवी, जो कि दिव्यांग (विकलांग) हैं, का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक आए इस संकट से पूरे परिवार का सहारा छिन गया है। मृतक अपने पीछे विकलांग पत्नी के अलावा बेटे चेतन व रिंकू और बेटियों राखी, रोमा व रश्मि को छोड़ गया है। मासूम बच्चों और बेबस पत्नी के आंसुओं को देख हर किसी की आंखें नम हो गईं। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है इस संबंध में थाना अध्यक्ष विद्या प्रकाश ने बताया कि मामले संज्ञान में आया है शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है
