धरती आबा जनभागीदारी शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, योजनाओं की दी जानकारी

अलकेश पारीक

स्मार्ट हलचल।ग्राम पंचायत खजूरी में “धरती आबा जनभागीदारी शिविर” का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ बिरसा मुंडा की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याओं का समाधान करवाया।
शिविर प्रभारी एवं प्रशासक श्री कालूलाल बलाइ ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि गांव के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं, जिससे आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो रहा है।
शिविर के दौरान प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों ने मौके पर ही कई कार्यों का निस्तारण कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की। साथ ही ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने एवं जागरूक रहने की अपील की गई।
इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी कन्हैयालाल मीणा, वीडीओ सियाराम मीणा सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।