पुष्कर को 149.75 लाख रुपये के विकास कार्यों की ऐतिहासिक सौगात

मंत्री सुरेश रावत का जगह जगह उद्घाटन कार्यक्रम

(हरिप्रसाद शर्मा)

पुष्कर/अजमेर/ स्मार्ट हलचल।पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य अब केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहे, बल्कि धरातल पर साकार होते दिखाई दे रहे हैं। यह बात राजस्थान सरकार के जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर के विधायक सुरेश सिंह रावत के नेतृत्व में क्षेत्र लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। सड़क, खेल, ग्रामीण आधारभूत संरचना एवं गौ -संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में हो रहे कार्यों से आमजन में उत्साह एवं विश्वास का वातावरण बना हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार रविवार को पुष्कर एवं ग्रामीण क्षेत्र में कुल 149.75 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण, उद्घाटन एवं शुभारंभ विधायक एवं जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत करेंगे।

मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2025-26 के अंतर्गत सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा पुष्कर-तिलोरा रोड सब्जी मंडी (चावंडिया रोड) पर निर्मित 40 लाख रुपये लागत की सीसी सड़क का लोकार्पण माननीय मंत्री श्री रावत के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा।

इसी क्रम में सार्वजनिक निर्माण विभाग की डीएमएफटी योजना 2025-26 के अंतर्गत नगर परिषद पुष्कर क्षेत्र में चामुंडा माता मंदिर के पास खेल मैदान की चारदीवारी निर्माण कार्य का 100 लाख रुपये की स्वीकृत राशि से शुभारंभ किया जाएगा।

उक्त कार्यक्रम रविवार को प्रातः 8:00 बजे चावंडिया माता मंदिर, खरेखड़ी रोड, पुष्कर में आयोजित होगा।

इसके पश्चात मंत्री रावत ग्राम पंचायत भांवता (अजमेर) स्थित गिरधर गोपाल गौशाला भांवता में विधायक मद से निर्मित 9.75 लाख रुपये लागत के चार नवनिर्मित गोदामों का उद्घाटन करेंगे। गौसंवर्धन एवं ग्रामीण विकास को समर्पित यह कार्य ग्रामीण क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

रावत प्रातः 10:00 बजे भांवता पहुंचकर उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लेंगे तथा चोरेटी माता यज्ञ में सम्मिलित होकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करेंगे।

पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में निरंतर हो रहे विकास कार्यों से आमजन में नई आशा एवं विश्वास का संचार हुआ है। क्षेत्रवासियों द्वारा सुरेश सिंह रावत को एक दूरदर्शी, संवेदनशील एवं प्रगतिशील विकास पुरुष के रूप में देखा जा रहा है, जिनके नेतृत्व में पुष्कर विकास की नई पहचान स्थापित कर रहा है।

जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं ग्रामीणों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है|