शिवराज बारवाल मीना
टोंक/अलीगढ़। स्मार्ट हलचल।उनियारा उपखण्ड क्षेत्र की ग्राम पंचायत रिजोदा के गफूरपुरा गाँव में शुक्रवार को विद्युत केबल में हुए शॉर्ट सर्किट ने भारी तबाही मचा दी। अचानक लगी भीषण आग ने दो भाइयों के रिहायशी छप्परों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मोटरसाइकिलें, मवेशियों का चारा और घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। इस हादसे से पीड़ित परिवारों को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले घनश्याम मीणा के छप्पर में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आने से उनकी मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर राख हो गई। वहीं उनके भाई लड्डू लाल मीणा की मोटरसाइकिल का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आग ने छप्पर में रखा मवेशियों का चारा और अन्य सामान भी जलाकर खाक कर दिया।
*ग्रामीणों की सजगता से टला बड़ा हादसा*
घटना के समय आग के पास ही गाय और भैंसें बंधी हुई थीं, जबकि दूसरे छप्पर में रसोई गैस सिलेंडर रखे हुए थे। आग की तेज लपटें देखकर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और जान जोखिम में डालकर मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान एक गाय को हल्की चोटें भी आई हैं। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए दूसरे छप्पर में रखे गैस सिलेंडरों को भी समय रहते बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा विस्फोट होने से टल गया। इसके बाद ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयास से कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हालांकि आग बुझने तक छप्पर, बाइक और चारा पूरी तरह जल चुके थे। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर नुकसान का सर्वे कराने तथा उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
