मेड़ता रोड
एजाज़ अहमद उस्मानी
स्मार्ट हलचल।मेड़ता रोड क्षेत्र सहित पूरे राजस्थान में आज से नोतपा शुरू हो गया है। सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते ही नोतपा की शुरुआत मानी जाती है, जो आगामी नौ दिनों तक जारी रहेगा। नोतपा शुरू होते ही गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार नोतपा के दौरान सूर्य की किरणें सीधी पड़ने से तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होती है और लू चलने की संभावना अधिक रहती है। मेड़ता रोड क्षेत्र में भी आने वाले दिनों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
भीषण गर्मी के चलते दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा नजर आया। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलते दिखाई दिए। गर्मी का असर सबसे ज्यादा बच्चों, बुजुर्गों और मजदूर वर्ग पर देखा जा रहा है।
चिकित्सकों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए अधिक पानी पीने, धूप में निकलते समय सिर ढकने तथा दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक अनावश्यक बाहर नहीं निकलने की अपील की है। पशुपालकों को भी पशुओं के लिए पानी और छांव की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।
ग्रामीण मान्यताओं के अनुसार नोतपा के दौरान यदि अच्छी गर्मी पड़ती है तो आगामी मानसून बेहतर रहने की संभावना मानी जाती है। ऐसे में लोग गर्मी से राहत के साथ अच्छे मानसून की भी उम्मीद लगाए बैठे हैं।
