अखिल ब्राह्मण महासभा की 104 सदस्यीय कार्यकारिणी ने लिया पद व सेवा की शपथ संकल्प

ओम बिरला बोले— ब्राह्मण समाज ने ज्ञान और संस्कृति के संरक्षण में निभाई अग्रणी भूमिका
अखिल ब्राह्मण महासभा शपथ ग्रहण,युवाओं को संस्कृति और राष्ट्र निर्माण से जुड़ने का संदेश

कोटा।स्मार्ट हलचल।अखिल ब्राह्मण महासभा, कोटा की नव निर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह विज्ञान नगर स्थित महासभा भवन में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, महिला प्रतिनिधि, युवा वर्ग तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
अपने संबोधन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भारतीय संस्कृति, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में ब्राह्मण समाज के ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि समाज ने सदैव ज्ञान, संस्कार और नैतिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन में अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र को नैतिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाएं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महासभा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय शर्मा ने संगठन की भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महासभा का उद्देश्य युवाओं को संगठन से जोड़ते हुए उन्हें सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना है। शिक्षा, संस्कार, सामाजिक समरसता एवं संगठनात्मक एकता को प्राथमिकता देते हुए समाजहित में विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि अखिल ब्राह्मण महासभा समाज को एकजुट रखने के साथ युवाओं में संस्कार, संस्कृति और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करने का कार्य कर रही है।
संभागीय अध्यक्ष रामस्वरूप शर्मा ने महासभा को लोकतांत्रिक संस्था बताते हुए कहा कि यहां सभी वर्गों एवं आयु समूहों को समान अवसर प्रदान किए जाते हैं। पूर्व महापौर सुमन शांगी ने ब्राह्मण समाज की परंपराओं और मूल्यों को बनाए रखने पर बल दिया। महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. सुशीला जोशी ने सभी सदस्यों से मिलकर समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह में सर्वसम्मति से निर्वाचित पदाधिकारियों की घोषणा भी की गई। रामस्वरूप शर्मा ने बताया कि संजय शर्मा को अध्यक्ष, नरेश पालीवाल को महामंत्री तथा राजीव पाण्डेय को कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया। महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष डॉ. सुशीला जोशी सहित पुरुष एवं महिला इकाइयों को मिलाकर 104 सदस्यीय विशाल कार्यकारिणी का गठन किया गया।
अंत में विशिष्ट अतिथियों और पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया और भगवान परशुराम की आरती कर कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम में एम एम शर्मा, गोपाल शर्मा, लहरी शंकर गौतम, प्रमोद पालीवाल, वैद्य रघुनंदन शर्मा, नन्द किशोर शर्मा, राजेन्द्र मोहन गौतम, बृज मोहन शर्मा, दिनेश दुबे, अभिलाष दीक्षित,कपिल कंटू, मनोज शर्मा, सूरज लता शर्मा, माया शर्मा , एड. कल्पना शर्मा, उर्मिला गौतम, रेखा पालीवाल, मीनू शर्मा, यामिनी कंटू, ज्योति पाण्डेय, मीना दाधीच, सावित्री गौतम, संगीता शर्मा, संतोष शर्मा,लेखा दुबे, आशा दाधीच, बबीता भार्गव, सरिता शर्मा, सहित अनेक समाज बंधुओं का सहयोग रहा।