(महेन्द्र नागौरी)
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल।खेल नगरी भीलवाड़ा की बेटियों ने एक बार फिर प्रदेश में जिले का नाम रोशन किया है। अजमेर में आयोजित 31वीं राजस्थान राज्य सब जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता में भीलवाड़ा टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। स्वर्ण पदक से टीम महज एक गोल दूर रह गई।
जिला हैंडबॉल संघ के सचिव तेजप्रताप सिंह ने बताया कि भीलवाड़ा की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाते हुए विरोधी टीमों पर दबदबा बनाए रखा। क्वार्टर फाइनल में भरतपुर को 6-0 से हराया, जबकि सेमीफाइनल में मजबूत मानी जा रही हनुमानगढ़ टीम को 16-10 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई।
रोमांचक फाइनल में 1 गोल से हार
फाइनल मुकाबले में भीलवाड़ा और गंगानगर के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। मैच के अंतिम क्षण तक दोनों टीमें बराबरी पर संघर्ष करती रहीं, लेकिन आखिरी मिनट में गंगानगर ने निर्णायक गोल दागकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। भीलवाड़ा को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
“भीलवाड़ा बन चुका हैंडबॉल का गढ़”
जिला हैंडबॉल संघ अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने कहा कि बेटियों ने पूरे प्रदेश में भीलवाड़ा का गौरव बढ़ाया है। वहीं राजस्थान राज्य हैंडबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं जिला संघ संरक्षक विश्वजीत सिंह के मार्गदर्शन और वर्षों की मेहनत को इस सफलता का बड़ा कारण बताया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि लगातार राज्य स्तर पर पदक जीतकर भीलवाड़ा अब हैंडबॉल का मजबूत केंद्र बन चुका है।
रजत पदक विजेता टीम
सुमन सुथार (कप्तान), कृष्णा शर्मा, नव्या तेली, गुलाबी तेली, गंगा जाट, अन्नु कुमारी शर्मा, अदिति बंजारा, आद्या शर्मा, राजलक्ष्मी बसीटा, अनुष्का मेघवंशी, ममता योगी और रविना योगी।
टीम की प्रशिक्षक नोरती मेवाड़ा रहीं।
