विधायक कृपलानी के प्रयासों से प्रारंभ हुआ राजकीय होम्योपैथिक ब्लॉक औषधालय
निम्बाहेड़ा, स्मार्ट हलचल। निम्बाहेड़ा नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। विधायक एवं पूर्व स्वायत्त शासन मंत्री श्रीचंद कृपलानी के विशेष प्रयासों एवं निर्देशन में कैंची चौराहा स्थित राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय भवन में राजकीय होम्योपैथिक ब्लॉक औषधालय, निम्बाहेड़ा का संचालन प्रारंभ कर दिया गया है। इस औषधालय के शुरू होने से क्षेत्रवासियों को पहली बार राजकीय स्तर पर होम्योपैथिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
क्षेत्र में लंबे समय से होम्योपैथिक चिकित्सा सुविधा की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। पूर्व मंत्री एवं विधायक कृपलानी ने आमजन की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से निरंतर समन्वय स्थापित किया तथा उपखण्ड अधिकारी के सहयोग से इस जनहितकारी कार्य को मूर्त रूप दिलाया।
औषधालय के प्रारंभ होने पर नगरवासियों एवं ग्रामीण नागरिकों ने विधायक कृपलानी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल बताया है।
औषधालय में डॉ. पीयूष जैन चिकित्सा अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं देंगे, जबकि सुनील कुमार शर्मा कंपाउंडर के रूप में चिकित्सा व्यवस्था में सहयोग प्रदान करेंगे। यहां आने वाले रोगियों को चिकित्सकीय परामर्श, उपचार एवं आवश्यक होम्योपैथिक औषधियां उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस अवसर पर विधायक कृपलानी ने कहा कि आमजन को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस औषधालय के प्रारंभ होने से निम्बाहेड़ा नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा तथा लोगों को वैकल्पिक एवं प्रभावी चिकित्सा पद्धति की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही प्राप्त हो सकेगी।
होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति अपनी सुरक्षित, सरल एवं प्रभावी उपचार प्रणाली के लिए जानी जाती है। इस औषधालय में विभिन्न प्रकार के रोगों का उपचार अनुभवी चिकित्सकीय मार्गदर्शन में किया जाएगा, जिससे आमजन को किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। विशेष रूप से ऐसे रोगी जो लंबे समय से होम्योपैथिक उपचार की सुविधा की मांग कर रहे थे, उन्हें अब स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधा प्राप्त हो सकेगी।
क्षेत्रवासियों ने औषधालय के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विधायक कृपलानी के प्रयासों से निम्बाहेड़ा में स्वास्थ्य सेवाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है। राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सा सेवा की शुरुआत को क्षेत्र के स्वास्थ्य विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
