केरिया नाड़ा तालाब पुनर्जीवित करने हेतु जोबनेर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन

बाबूलाल नागा

जोबनेर। स्मार्ट हलचल।निकटवर्ती ग्राम पंचायत जोरपुरा के राजस्व ग्राम माच्छरखानी स्थित आसलपुर रोड गौशाला के पास प्रसिद्ध केरिया नाड़ा तालाब को पुनर्जीवित करने के प्रयास लगातार जारी हैं। जोबनेर-नागौर-फुलेरा-कुचामन बाईपास सड़क निर्माण के दौरान तालाब दो हिस्सों में बंट गया था, जिससे बरसाती पानी की आवक प्रभावित हो गई।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता गिरधारी मामोडिया ने बताया कि सामाजिक संस्थाओं अंबुजा फाउंडेशन एवं प्रिंस पाइप लिमिटेड के सहयोग से तालाब को पुनः जीवित करने का कार्य किया जा रहा है। 24 जनवरी 2024 को वंदे गंगा जल संरक्षण संवर्धन अभियान के तहत पंचायत राज कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर द्वारा तालाब का उद्घाटन किया गया था। तालाब के शेष भाग का निर्माण कार्य करीब डेढ़ लाख रुपए की लागत से प्रिंस पाइप लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है।
मामोडिया ने बताया कि सड़क की ऊंचाई अधिक होने से जोबनेर पर्वतमाला का बरसाती पानी तालाब तक नहीं पहुंच पा रहा है। इसी समस्या के समाधान के लिए पाइप लाइन डलवाने की मांग को लेकर उनके नेतृत्व में जोबनेर उपखंड अधिकारी नेहा राठी को ज्ञापन सौंपा गया।
उपखंड अधिकारी नेहा राठी ने बताया कि वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के अंतर्गत तालाब के विकास हेतु पीडब्ल्यूडी, पीएचईडी एवं बीडीओ को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे तथा प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि तालाब के पुनर्जीवित होने से वन्य जीव-जंतुओं को पानी उपलब्ध होगा तथा क्षेत्र के जलस्तर में भी सुधार आएगा। आगामी दिनों में तालाब के चारों ओर वृक्षारोपण भी किया जाएगा।
इस दौरान जयप्रकाश वर्मा, मदनलाल कुमावत, श्रवणलाल कुमावत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।