तेज अंधड़ और बारिश का कहर: मेड़ता रोड समेत ग्रामीण क्षेत्रों में गिरे पेड़ व बिजली पोल

बिजली व्यवस्था चरमराई।

एजाज़ अहमद उस्मानी।

स्मार्ट हलचल।मेड़ता रोड। क्षेत्र में शुक्रवार देर रात आए तेज अंधड़ और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। अचानक बदले मौसम के कारण मेड़ता रोड सहित आसपास के कई गांवों में तेज हवाओं के साथ हुई बरसात से जगह-जगह पेड़ और बिजली के पोल गिर गए, जिससे विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई।
तेज हवा के चलते कई स्थानों पर सड़क किनारे खड़े पेड़ धराशायी हो गए, जबकि अनेक क्षेत्रों में बिजली के पोल क्षतिग्रस्त होने से रातभर और शनिवार सुबह तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली गुल होने से लोगों को पेयजल आपूर्ति, घरेलू कार्यों और अन्य आवश्यक सेवाओं में परेशानी का सामना करना पड़ा।
शनिवार सुबह डिस्कॉम की टीमों ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर बिजली व्यवस्था बहाल करने का कार्य शुरू किया। कर्मचारियों को गिरे हुए पोलों और टूटे तारों को हटाने तथा क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दिनभर चले मरम्मत कार्य के बाद कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति धीरे-धीरे सामान्य की गई।
वहीं दूसरी ओर, लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बारिश से राहत मिली। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात से जहां एक ओर नुकसान हुआ है, वहीं दूसरी ओर गर्मी से राहत मिलने से लोगों ने राहत की सांस ली।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी मौसम में बदलाव की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने तथा टूटे हुए बिजली तारों से दूर रहने की अपील की है।