एजाज़ अहमद उस्मानी।
स्मार्ट हलचल।वंदे भारत एक्सप्रेस में बिना टिकट या बिना आरक्षण यात्रा करना यात्रियों को भारी पड़ सकता है। दिल्ली कैंट-जोधपुर वंदे भारत एक्सप्रेस में शुक्रवार को टिकट जांच के दौरान 9 यात्री बिना वैध टिकट यात्रा करते पकड़े गए। रेलवे ने उनसे किराया और जुर्माना मिलाकर कुल 21,457 रुपए वसूले। रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वंदे भारत जैसी पूर्णतः आरक्षित प्रीमियम ट्रेन में बिना पेनल्टी टिकट जारी करने का कोई प्रावधान नहीं है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस पूर्णतः आरक्षित श्रेणी की ट्रेन है। ऐसे में बिना आरक्षण अथवा वैध यात्रा प्राधिकार के सफर करना रेलवे नियमों का उल्लंघन है। जांच के दौरान पकड़े गए यात्रियों को देय किराए के साथ अतिरिक्त शुल्क का भुगतान करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि वंदे भारत में ट्रेन के भीतर बिना पेनल्टी टिकट जारी करने की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में गलती,जल्दबाजी या गलतफहमी में ट्रेन में चढ़ने वाले यात्रियों को भी नियमानुसार किराया एवं जुर्माना भरना पड़ सकता है। यदि कोई यात्री अगले स्टेशन पर उतरना चाहता है तो उसे भी निर्धारित नियमों के तहत देय राशि का भुगतान करना आवश्यक होता है।
रेलवे ने यात्रियों से ट्रेन में सवार होने से पहले ट्रेन संख्या, गंतव्य स्टेशन और कोच की जानकारी की पुष्टि करने की अपील की है। वंदे भारत एक्सप्रेस में ऑटोमेटिक डोर सिस्टम लगा हुआ है, जिसके तहत ट्रेन रवाना होने से पहले सभी दरवाजे स्वतः बंद हो जाते हैं और यात्रा के दौरान लॉक रहते हैं। ऐसे में ट्रेन चलने के बाद बीच रास्ते में चढ़ना या उतरना संभव नहीं होता।
रेल प्रशासन ने अपनों को छोड़ने स्टेशन आने वाले लोगों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी है। डीआरएम के अनुसार प्लेटफॉर्म टिकट केवल स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर प्रवेश की अनुमति देता है,ट्रेन में यात्रा की नहीं। ऐसे में परिजनों को छोड़ने आए लोगों को ट्रेन के भीतर नहीं चढ़ना चाहिए। प्लेटफॉर्म टिकट लेकर ट्रेन में पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ रेलवे नियमों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
*9 यात्रियों से वसूले 21 हजार रुपए*
जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि शुक्रवार रात जोधपुर पहुंची ट्रेन संख्या 26481 दिल्ली कैंट-जोधपुर वंदे भारत एक्सप्रेस में कुल 9 यात्री बिना टिकट पाए गए। चेकिंग स्टाफ राजेन्द्र कुमार यादव एवं हुकमाराम द्वारा इन यात्रियों से 11,457 रुपए किराया तथा 10 हजार रुपए जुर्माना सहित कुल 21,457 रुपए वसूले गए। उन्होंने बताया कि मंडल पर सघन टिकट जांच अभियान निरंतर जारी है।