भीलवाड़ा को मिली 50 ई-बसों की सौगात, सांसद अग्रवाल ने किया हाईटेक ई-बस स्टैंड का निरीक्षण

महेन्द्र नागौरी

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल।शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में बड़ा बदलाव आने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर को प्रथम चरण में प्रदान की गई 3,000 इलेक्ट्रिक बसों में से 50 ई-बसों की सौगात भीलवाड़ा को मिली है। इन बसों के संचालन की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल और नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी ने टंकी बालाजी के समीप विकसित आधुनिक ई-बस स्टैंड एवं चार्जिंग स्टेशन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सांसद अग्रवाल ने कहा कि भीलवाड़ा को मिलने वाली यह सुविधा शहर के परिवहन इतिहास में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उन्होंने बताया कि ई-बस स्टैंड का निर्माण अत्याधुनिक तकनीक और आधुनिक सुविधाओं के साथ किया गया है। यहां बसों के लिए व्यवस्थित चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं, जिससे संचालन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।
सुरक्षा और सुविधाओं से लैस होंगी ई-बसें
सांसद अग्रवाल ने बताया कि ई-बसों को यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। प्रत्येक बस में आठ हाई-रिजोल्यूशन कैमरे और वॉयस रिकॉर्डिंग सिस्टम लगाए गए हैं, जो किसी भी दुर्घटना, विवाद या असामान्य गतिविधि की स्थिति में संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना उपलब्ध कराएंगे। इससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और निगरानी व्यवस्था भी मजबूत बनेगी।
दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए बसों में विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। आसान चढ़ने-उतरने की व्यवस्था के साथ इन्हें सभी वर्गों के लिए सुगम बनाया गया है।
स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार
नगर निगम ने ई-बसों के संचालन के लिए ड्राइवरों के अलावा आवश्यक स्टाफ की भर्ती स्थानीय स्तर पर करने का निर्णय लिया है। इससे शहर के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। खास बात यह है कि भर्ती प्रक्रिया में महिलाओं को प्राथमिकता देने की योजना भी बनाई गई है, जिससे महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।
ट्रैफिक और प्रदूषण से मिलेगी राहत:-
सांसद अग्रवाल ने कहा कि ई-बस सेवा शहर और आसपास के 10 से 20 किलोमीटर क्षेत्र को कवर करेगी। इससे आमजन को सस्ती, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन सेवा उपलब्ध होगी। बड़ी संख्या में लोग निजी दोपहिया और चारपहिया वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करेंगे, जिससे शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और वायु प्रदूषण में कमी आएगी।
जल्द सड़कों पर दौड़ेंगी ई-बसें:-
निरीक्षण के बाद शहरवासियों में ई-बस सेवा के शीघ्र शुभारंभ को लेकर उत्साह बढ़ गया है। आधुनिक सुविधाओं, पर्यावरण संरक्षण और बेहतर यातायात व्यवस्था के साथ यह परियोजना भीलवाड़ा को स्मार्ट और स्वच्छ शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।